– सेल्समैन और मैनेजर से बेरहमी से मारपीट कर मोबाइल लूटने का आरोप, फरार साथियों की तलाश जारी।
जावरा/रतलाम। शिवगढ़ बस स्टैंड स्थित देशी-अंग्रेजी शराब दुकान में हुई लूट और मारपीट की घटना में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर 2026 की रात आरोपियों ने दुकान में घुसकर सेल्समैन और मैनेजर के साथ मारपीट की, दुकान में तोडफ़ोड़ की और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए थे। मामले में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल एक वेस्पा और दो सुजुकी एक्सेस स्कूटर जब्त किए हैं। पुलिस अब मामले में अन्य फरार आरोपियों और लूटे गए मोबाइल की तलाश कर रही है।
दरवाजा खोलकर दुकान में घुसे, कर्मचारियों से की मारपीट –
पुलिस के मुताबिक, 23 अक्टूबर की रात करीब 9.20 से 9.30 बजे के बीच शिवगढ़ बस स्टैंड स्थित शराब दुकान पर वारदात हुई। फरियादी धर्मेंद्र जाट, निवासी ग्राम पंथ पिपलाई, इंदौर रोड उज्जैन, ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने दुकान का दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश किया और सेल्समैन सुशील तिवारी तथा मैनेजर धर्मेंद्र जाट के साथ मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने गेती के हत्थे, सीमेंट के ब्लॉक, शराब की बोतलों और हाथ-मुक्कों से हमला किया। इस दौरान दुकान में तोडफ़ोड़ भी की गई। वारदात के बाद आरोपी मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। मामले में थाना शिवगढ़ पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(6) में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
एसपी के निर्देशन में गठित हुई विशेष टीम –
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पान्द्रो के मार्गदर्शन और एसडीओपी रतलाम ग्रामीण किशोर पाटनवाला के नेतृत्व में आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने लगातार पतारसी करते हुए मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों को चिह्नित किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया, जिसके बाद छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार किए गए छह आरोपी –
शिवगढ़ थाना प्रभारी लिलियन मालवीय ने बताया कि मामले में पुलिस ने जय खरें (24) निवासी हाट रोड, रतलाम, नानु उर्फ अनिल देवदा (33) निवासी राजेंद्र नगर, रतलाम, कार्तिक उर्फ ओमप्रकाश मौर्य (32 ) निवासी दीनदयाल नगर, रतलाम, पियुष उर्फ पुष्पेंद्र रोजे (25) निवासी सुभाषनगर, दीनदयाल नगर, रतलाम, बल्लु उर्फ प्रताप राजपूत (21) निवासी बजरंग नगर, रतलाम तथा हर्ष उर्फ हर्षवर्धन हाड़े (24) निवासी रत्नेश्वर रोड, रतलाम को गिरफ्तार किया हैं।
तीन स्कूटर जब्त, मोबाइल की तलाश जारी –
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने मामले में वारदात में इस्तेमाल किए गए एक वेस्पा स्कूटर और दो सुजुकी एक्सेस स्कूटर जब्त किए हैं। हालांकि, पुलिस की जानकारी के अनुसार लूटा गया मोबाइल फोन अभी बरामद होना शेष है। प्रकरण में अन्य फरार आरोपियों की तलाश भी जारी है।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका –
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी शिवगढ़ निरीक्षक लिलियन मालवीय सहित उपनिरीक्षक अजमेर सिंह भूरिया, ईशाक मोहम्मद खान तथा थाने के प्रधान आरक्षकों, आरक्षकों, महिला आरक्षकों और चालक विकास का महत्वपूर्ण योगदान रहा। पुलिस की कार्रवाई के बाद अब जांच का अगला चरण फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटे गए मोबाइल की बरामदगी है।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

