– प्रियदर्शनी क्लब कमानीगेट का नवरात्रि महोत्सव संपन्न, बालिकाओं को पुरस्कार देकर किया सम्मानित
– सीएसपी युवराज सिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य में हुआ समापन समारोह, मां दुर्गा की प्रतिमा का चल समारोह निकाला
जावरा। पिछले 40 वर्षों से धार्मिक एवं सामाजिक क्षेत्र में निरंतर सेवाएं दे रही प्रियदर्शनी क्लब, कमानीगेट जावरा द्वारा नवरात्रि महोत्सव इस वर्ष भी हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। नवरात्रि के अंतिम दिन नवमी के अवसर पर महोत्सव का समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। समारोह में गरबा एवं अन्य गतिविधियों में सहभागिता करने वाली बालिकाओं तथा आयोजन में सहयोग देने वाले सदस्यों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जावरा शहर के सीएसपी युवराज सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता सनातन सेना की महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष वंदना राजपुरोहित ने की। वहीं जावरा शहर थाना प्रभारी मनोज कटारिया, इंदौर क्राइम ब्रांच के डीएसपी तारेश स्वर्णकार, समाजसेवी अशोक जैन अंटीया एवं मोहनलाल सैनी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के प्रारंभ में क्लब के सदस्यों ने सभी अतिथियों का पुष्पमालाओं से स्वागत किया।
बालिकाओं को किया सम्मानित –
स्वागत भाषण एडवोकेट वरुण श्रोत्रिय ने दिया। अतिथियों ने अपने उद्बोधन में प्रियदर्शनी क्लब द्वारा पिछले चार दशकों से धार्मिक एवं सामाजिक क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि किसी भी संस्था द्वारा इतने लंबे समय तक निरंतर सेवाभावी गतिविधियां संचालित करना सराहनीय है। इसके लिए संस्था के सभी सदस्य बधाई के पात्र हैं। इस अवसर पर आयोजन में भाग लेने वाली सभी बालिकाओं एवं सहयोगियों को वस्तु पुरस्कार तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन विनय पोरवाल ने किया तथा आभार हुकुमचंद आर्य ने व्यक्त किया।
मां दुर्गा की प्रतिमा के साथ निकला विसर्जन चल समारोह –
समापन समारोह के पश्चात मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन चल समारोह निकाला गया। मां की प्रतिमा के साथ क्लब के सदस्य, महिलाएं एवं बालिकाएं उत्साहपूर्वक शामिल हुईं। चल समारोह कमानीगेट से प्रारंभ होकर जागनाथ महादेव मंदिर पहुंचा, जहां इसका समापन हुआ। धार्मिक आस्था, उत्साह और सामूहिक सहभागिता के साथ संपन्न हुए इस आयोजन ने नवरात्रि महोत्सव को यादगार बना दिया।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

