– राष्ट्रीय मौखिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत जावरा के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जांच, उपचार और जागरूकता शिविर आयोजित
जावरा। “स्वस्थ दांतों की आदत, स्वस्थ जीवन की सौगात” के संदेश के साथ भारत सरकार के राष्ट्रीय मौखिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत सिविल हॉस्पिटल जावरा की डेंटल ब्रांच द्वारा शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जांच, उपचार एवं जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में कुल 534 लोगों का ओरल हेल्थ परीक्षण किया गया तथा जांच के बाद आवश्यक उपचार एवं दवाइयां वितरित की गईं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. किरण वाडीवा के मार्गदर्शन तथा सिविल हॉस्पिटल जावरा प्रभारी डॉ. दीपक पालडिय़ा एवं के निर्देशन में आयोजित इन शिविरों का उद्देश्य लोगों को मुख एवं दांतों की नियमित देखभाल के प्रति जागरूक करना रहा।
10 से 14 साल के बच्चों का किया ओरल हेल्थ परीक्षण –
प्रभारी सुपरवाइजर शैलेन्द्र कुमार दवे ने बताया कि शिविरों में डॉ. फैजान उस्मानी, डॉ. राज कपूर डांगी, डॉ. मोनिका दिमनीकर, डॉ. परणिका अग्रवाल, डॉ. नजरेगुल शिरीन एवं सहायक श्रवण सिंह की टीम ने महिलाओं, पुरुषों तथा 10 से 14 वर्ष तक के बच्चों का ओरल हेल्थ परीक्षण किया।
इन स्थानों पर लगाए गए शिविर –
जांच एवं जागरूकता शिविर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ढोढर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बर्डिया गोयल, बड़ावदा, हायर सेकेंडरी स्कूल बर्डिया गोयल, सीएम राइज स्कूल जावरा तथा सिविल हॉस्पिटल जावरा की डेंटल ब्रांच में आयोजित किए गए।
ब्रश करने की सही तकनीक का दिया प्रशिक्षण –
शिविरों में केवल दांतों की जांच ही नहीं, बल्कि ब्रशिंग टेक्नीक का डिमॉन्स्ट्रेशन भी दिया गया। लोगों और विद्यार्थियों को मुख एवं दांतों की साफ-सफाई, दांतों की सुरक्षा, नियमित दंत परीक्षण, ब्रश करने की सही तकनीक, खान-पान, कैविटी से बचाव सहित मौखिक स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
12 बच्चों में फ्लोरोसिस की समस्या सामने आई –
हायर सेकेंडरी स्कूल बर्डिया गोयल में जांच के दौरान 12 बच्चों में फ्लोरोसिस की समस्या पाई गई। स्वास्थ्य टीम के अनुसार पानी में फ्लोराइड की मात्रा अधिक होने पर लंबे समय तक ऐसे पानी का सेवन करने से फ्लोरोसिस की समस्या हो सकती है। इस संबंध में विद्यार्थियों एवं संबंधित लोगों को आवश्यक स्वास्थ्य जानकारी भी दी गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोगों से अपील की गई कि वे दांतों की नियमित सफाई करें, सही तकनीक से ब्रश करें और समय-समय पर दंत चिकित्सक से जांच करवाएं, ताकि दांतों एवं मुख से संबंधित बीमारियों से बचाव किया जा सके।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

