– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से शुरू हुआ सेवा संकल्प अभियान, विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय ने किया शिविर का शुभारंभ
जावरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सिविल हॉस्पिटल जावरा में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय ने किया। आयोजन में विभिन्न कार्यकर्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं युवाओं सहित कुल 34 लोगों ने रक्तदान किया। रक्तदाताओं को बाद में प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है और विश्व में देश का सम्मान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि आर्थिक समृद्धि, सांस्कृतिक विकास, अधोसंरचना, रक्षा, उद्योग, रोजगार, आधुनिक रेलवे, बंदरगाह एवं हवाई अड्डों सहित विभिन्न क्षेत्रों में देश तेजी से प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए अनेक जनहितैषी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से पात्र लोगों को 5 लाख रुपये तक के उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। गरीबों के लिए आवास, खाद्यान्न, गैस कनेक्शन और बैंक खाते जैसी सुविधाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि लाड़ली बहना योजना के माध्यम से महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
एसडीएम ने बताया सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य –
एसडीएम के.एस. बघेल ने सेवा संकल्प अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि अभियान के माध्यम से वंचित, पीड़ित एवं समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. शंकरलाल खराड़ी ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों से रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद लोगों का जीवन बचाने में मदद मिल सकती है।
विधायक और एसडीएम ने अस्पताल का किया निरीक्षण –
रक्तदान शिविर से पूर्व विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय एवं एसडीएम के.एस. बघेल ने सिविल हॉस्पिटल जावरा का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों ने अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया तथा मरीजों एवं उनके परिजनों से चर्चा कर उनका हालचाल जाना। विधायक एवं एसडीएम ने अस्पताल के ब्लड स्टोरेज एवं जांच यूनिट, डायलिसिस सेंटर, महिला एवं बाल रोग विभाग, एक्स-रे सहित अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद –
कार्यक्रम में एसडीएम के.एस. बघेल, ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. एस.एल. खराड़ी, भाजपा जिला महामंत्री महेश सोनी, मंडल अध्यक्ष राजेश शर्मा, मांगीलाल पांचाल, डॉ. राजेंद्र सिंह देवड़ा, दिनेश पाटीदार, जनभागीदारी समिति अध्यक्ष प्रमोद रावल एवं पार्षद रजत सोनी सहित अन्य अतिथि मंचासीन रहे। इस अवसर पर तहसीलदार पंकज पवैया, सीएमओ चंद्रशेखर सोनिस, एल्डरमैन संतोष शर्मा, नंदकिशोर पहलवान, मनीष ऊंटवाल, घनश्याम सोलंकी, बालाराम पाटीदार, महेंद्र सिंह सोलंकी, अभय कोठारी, शिवेंद्र माथुर, शरद डुंगरवाल, शरीफ कुरैशी, चंद्रप्रकाश सोलंकी, महेंद्र चौहान, वीरेंद्र सिंह, कैलाश बरोड़, सोनू सोलंकी, घनश्याम बैरागी सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला महामंत्री महेश सोनी ने किया, जबकि आभार शैलेन्द्र कुमार दवे ने माना।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

