– विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय के प्रयास रंग लाए; बड़े ऑपरेशन के साथ नाक-कान-गला रोगों के उपचार की सुविधा भी बढ़ी
जावरा। जावरा विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में बड़ी सौगात मिली है। विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय के लगातार प्रयासों के फलस्वरूप सिविल हॉस्पिटल जावरा में लगभग ढाई करोड़ रुपए की लागत से दो अत्याधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर (ओटी) स्थापित करने की स्वीकृति मिली है। अब तक इस प्रकार की सुविधा मुख्य रूप से जिला चिकित्सालय स्तर पर उपलब्ध थी। मॉड्यूलर ओटी बनने के बाद जावरा में ही बड़े ऑपरेशन किए जा सकेंगे, जिससे क्षेत्र के मरीजों को उपचार के लिए रतलाम जाने की आवश्यकता कम होगी।
स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में बड़ी उपलब्धि –
विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय द्वारा जावरा विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इन्हीं प्रयासों के परिणामस्वरूप क्षेत्र को महिला एवं बाल चिकित्सालय, नवजात शिशु केयर यूनिट, पिपलौदा में सिविल हॉस्पिटल, रिंगनोद में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा डायलिसिस मशीन जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं मिल चुकी हैं।
मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री से लगातार संपर्क –
सिविल हॉस्पिटल जावरा में बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने के लिए विधायक डॉ. पांडेय द्वारा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, स्वास्थ्य मंत्री राजेन्द्र शुक्ल तथा वरिष्ठ अधिकारियों से लगातार संपर्क किया जा रहा है। इन्हीं प्रयासों के फलस्वरूप अस्पताल में दो अत्याधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर की स्वीकृति प्राप्त हुई है।
मॉड्यूलर ओटी में होंगे अत्याधुनिक संक्रमण नियंत्रण के इंतजाम –
सिविल हॉस्पिटल जावरा के प्रभारी डॉ. दीपक पालड़ीया ने बताया कि मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर में बेहतर इन्फेक्शन कंट्रोल सिस्टम रहेगा। ओटी की दीवारों में एंटी-बैक्टीरियल कोटिंग वाले वॉल पैनल लगाए जाएंगे। इसके साथ जनरल एवं ओटी लाइट, कंट्रोल पैनल, एसी, गैस प्रेशर, टाइमर, ऑक्सीजन एवं अन्य गैस सिस्टम, एक्स-रे सुविधा तथा सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं रहेंगी। इसके अलावा दीवारों में लोड शीट, कॉर्नर ग्राउंडिंग, विशेष फ्लोरिंग, दीवार एवं सीलिंग सिस्टम, लेमिनार एयर फ्लो तथा हर्मेटिक डोर जैसी आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी। डॉ. पालड़ीया के अनुसार मॉड्यूलर ओटी से संक्रमण की संभावना में उल्लेखनीय कमी आती है और इसका रखरखाव भी अपेक्षाकृत आसान होता है।
जावरा में ही हो सकेंगे बड़े ऑपरेशन –
दो मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर बनने के बाद सिविल हॉस्पिटल जावरा में बड़े ऑपरेशन किए जा सकेंगे। इससे जावरा सहित आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी। अभी तक इस प्रकार के मॉड्यूलर ओटी की सुविधा जिला चिकित्सालय स्तर पर ही उपलब्ध थी।
आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को भी मिलेगा लाभ –
मीडिया प्रभारी शेलेन्द्र दवे ने बताया कि मॉड्यूलर ओटी की स्वीकृति से क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। जावरा लगातार स्वास्थ्य सुविधाओं के बड़े केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है। इसका लाभ जावरा विधानसभा क्षेत्र के साथ आलोट, पिपलौदा, ताल, बड़ावदा, दलौदा तथा राजस्थान से आने वाले मरीजों को भी बेहतर उपचार के रूप में मिल सकेगा। इस सौगात पर क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेन्द्र शुक्ल तथा विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय के प्रति आभार व्यक्त किया है।
सिविल हॉस्पिटल जावरा में ईएनटी विशेषज्ञ की नियुक्ति –
स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के साथ चिकित्सकीय सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में भी कदम उठाए जा रहे हैं। विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय के प्रयासों के चलते सिविल हॉस्पिटल जावरा में ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. अदिति भावसार की नियुक्ति हुई है। विशेषज्ञ चिकित्सक की पदस्थापना से क्षेत्र के मरीजों को नाक, कान एवं गला संबंधी रोगों का उपचार स्थानीय स्तर पर मिल सकेगा। इससे मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श और उपचार के लिए दूसरे शहरों में जाने की आवश्यकता भी कम होगी।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

