-मालखाने से लेकर लंबित अपराधों तक की समीक्षा, संपत्ति संबंधी अपराधों और आदतन अपराधियों पर सख्ती के दिए निर्देश
जावरा। पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार ने थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाने की कार्यप्रणाली, लंबित प्रकरणों, मालखाने की व्यवस्थाओं और क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई की विस्तार से समीक्षा की। इस दौरान नगर पुलिस अधीक्षक जावरा युवराज सिंह चौहान, थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र जावरा डीएसपी प्रकाश गडरिया सहित थाने पर पदस्थ अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
मालखाने का निरीक्षण कर अभिलेखों और जब्त सामग्री की ली जानकारी –
एसपी अमित कुमार ने थाना परिसर स्थित मालखाने का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न प्रकरणों में जब्त की गई सामग्री, अभिलेखों और मालखाने की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी लेते हुए मालखाने में रखे सामान के व्यवस्थित रखरखाव और अभिलेखों के संधारण को लेकर दिशा-निर्देश दिए।
लंबित अपराध, मर्ग और आवेदनों की प्रकरणवार समीक्षा –
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा में लंबित अपराध, मर्ग और आवेदनों की समीक्षा की। उन्होंने अनुसंधानकर्ताओं से प्रकरणवार जानकारी लेते हुए लंबित मामलों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए। एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण की विवेचना गंभीरता, निष्पक्षता और निर्धारित समय-सीमा में पूरी की जाए। अनावश्यक रूप से प्रकरण लंबित नहीं रखे जाएं तथा उपलब्ध साक्ष्यों और तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए विवेचना को मजबूत बनाया जाए।
अनुसंधान अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक लेकर दिए निर्देश –
एसपी ने थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा में पदस्थ अनुसंधानकर्ता अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक भी ली। बैठक में थाना क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और अपराधों की स्थिति की जानकारी लेते हुए पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपराध घटित होने के बाद आरोपियों की जल्द पहचान और गिरफ्तारी के साथ-साथ अपराधों की रोकथाम पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। संपत्ति संबंधी अपराधों में मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखने और तकनीकी साक्ष्यों का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए गए।
चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों की पतारसी पर विशेष जोर –
पुलिस अधीक्षक ने थाना क्षेत्र में होने वाले चोरी एवं अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में आरोपियों की पहचान, गिरफ्तारी और चोरी गए मशरूके की बरामदगी के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएं। इसके साथ ही पूर्व में घटित संपत्ति संबंधी अपराधों की भी समीक्षा करते हुए लंबित मामलों में आरोपियों की पतारसी कर जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए गए।
आदतन अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के निर्देश –
एसपी अमित कुमार ने थाना क्षेत्र में सक्रिय आदतन अपराधियों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बार-बार अपराधों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों का रिकॉर्ड अपडेट रखा जाए और उनकी गतिविधियों पर सतत नजर रखी जाए। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक वैधानिक एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
आमजन की शिकायतों के त्वरित निराकरण को प्राथमिकता –
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि अपराध नियंत्रण के साथ-साथ आमजन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करना भी प्रभावी पुलिसिंग का महत्वपूर्ण हिस्सा है। नागरिकों की सुरक्षा और उनकी शिकायतों के त्वरित निराकरण को प्राथमिकता देते हुए थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए गए। एसपी के आकस्मिक निरीक्षण के दौरान थाना स्तर पर लंबित मामलों, विवेचना की गुणवत्ता, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग की व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

