– एसडीएम कार्यालय पहुंचकर तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
– सड़क, नाली और जल निकासी की समस्या से परेशान रहवासी बोले—अब आश्वासन नहीं, चाहिए स्थायी समाधान
– मांगें पूरी नहीं हुईं तो नगर पालिका, विधानसभा और लोकसभा चुनाव के बहिष्कार का ऐलान
जावरा। नपा के वार्ड क्रमांक 29 के अंर्तगत आने वाली नित्यानंद धाम कॉलोनी के रहवासियों का वर्षों से चली आ रही मूलभूत सुविधाओं की समस्या को लेकर बुधवार को आक्रोश सामने आया। कॉलोनीवासियों ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर तहसीलदार सुबोध कुमार को जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कॉलोनी की बदहाल स्थिति, सड़क, नाली और जल निकासी की समस्या सहित कॉलोनाइजर द्वारा विकास कार्य नहीं किए जाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया।
कॉलोनीवासियों का कहना है कि बारिश के दिनों में हालात और भी बदतर हो जाते हैं। सड़क पर पानी जमा होने के साथ ही गंदा पानी कॉलोनी के खाली प्लॉटों में भर जाता है। नालियों की समुचित व्यवस्था नहीं होने से गंदा पानी सड़कों पर फैलता है, जिससे रहवासियों को आवागमन में परेशानी के साथ गंदगी और मच्छरों की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
कई बार शिकायत, फिर भी नहीं बदले हालात –
रहवासियों ने ज्ञापन में बताया कि कॉलोनी की समस्याओं को लेकर पहले भी नगर पालिका एवं संबंधित अधिकारियों को कई बार शिकायतें और आवेदन दिए जा चुके हैं। इसके बावजूद समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो सका। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि कॉलोनाइजर द्वारा भी आवश्यक विकास कार्य नहीं कराए जा रहे हैं। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि पूर्व में कॉलोनाइजर के खिलाफ नगर पालिका द्वारा एफआईआर दर्ज कराई गई थी, लेकिन इसके बावजूद कॉलोनी में विकास कार्यों की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।
अब आर-पार के मूड में कॉलोनीवासी –
लगातार शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं होने से नाराज कॉलोनीवासियों ने अब प्रशासन के सामने अपनी मांग मजबूती से रखी है। रहवासियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का समयबद्ध और स्थायी निराकरण नहीं किया गया तो आगामी नगर पालिका चुनाव, विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव में मतदान का बहिष्कार किया जाएगा। कॉलोनीवासियों का कहना है कि वे लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं के लिए अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन हर बार आश्वासन के बावजूद जमीनी स्थिति जस की तस बनी हुई है। अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा, बल्कि मौके पर काम दिखाई देना चाहिए।
कलेक्टर से हस्तक्षेप की मांग –
ज्ञापन के माध्यम से जिला प्रशासन से कॉलोनी का तत्काल निरीक्षण कराने, पक्की सड़क निर्माण, नाली एवं जल निकासी की व्यवस्था कराने, जलभराव की समस्या दूर करने तथा कॉलोनाइजर की जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की गई है। अब देखना यह है कि कॉलोनीवासियों की इस चेतावनी के बाद प्रशासन कितनी गंभीरता दिखाता है और वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान कब तक जमीन पर नजर आता है।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

