– विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय के प्रयासों से मिली स्वीकृति, ग्रामीण पशुपालकों को मिलेगी बेहतर और सुविधाजनक पशु चिकित्सा सेवा
जावरा। जावरा विधानसभा क्षेत्र में पशु चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय के प्रयासों से क्षेत्र में तीन स्थानों पर नवीन पशु चिकित्सालय एवं औषधालय भवनों के निर्माण के लिए लगभग 80 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
स्वीकृति के तहत पशु चिकित्सालय जावरा, पशु औषधालय असावती एवं पशु औषधालय रानीगांव में नवीन भवनों का निर्माण किया जाएगा। इन भवनों की मांग लंबे समय से की जा रही थी। जर्जर भवनों और सीमित सुविधाओं के कारण पशुपालकों को होने वाली परेशानियों को देखते हुए इनके निर्माण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। विधायक डॉ. पांडेय द्वारा जावरा विधानसभा क्षेत्र में पशुपालकों की सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी जा रही है। इसी क्रम में अब तीन और स्थानों पर पशु चिकित्सा सुविधाओं के लिए नवीन भवनों को स्वीकृति मिली है।
पहले भी 10 स्थानों पर स्वीकृत हो चुके हैं भवन –
उल्लेखनीय है कि जावरा विधानसभा क्षेत्र में विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय के प्रयासों से पूर्व में भी 10 स्थानों पर पशु औषधालयों के भवन स्वीकृत किए गए थे। इनमें जावरा विकासखंड के गोंदीधर्मसी, बण्डवा, पिपल्याजोधा, धतरावदा, रिंगनोद तथा जावरा चिकित्सालय में अतिरिक्त कक्ष शामिल हैं। इसी प्रकार पिपलौदा विकासखंड में उपरवाड़ा, बड़ायला चौरासी, सुजापुर एवं मावता में भी भवनों का निर्माण किया जाकर पशु चिकित्सा सेवाएं संचालित की जा रही हैं।
ग्रामीण पशुपालकों को मिलेगी सुविधा –
नवीन भवनों के निर्माण से जावरा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के पशुपालकों को बेहतर एवं सुविधाजनक पशु चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। इससे पशुओं के उपचार, दवाइयों और अन्य आवश्यक पशु चिकित्सा सुविधाओं के लिए पशुपालकों को अधिक सुविधा मिलेगी। जावरा विधानसभा क्षेत्र में पशु चिकित्सा सुविधाओं के लगातार विस्तार से पशुपालकों को स्थानीय स्तर पर बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

