– रतलाम पुलिस ने सप्लाई नेटवर्क की जांच तेज की
जावरा/ढोढर। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 10 लाख रुपये कीमत की 100 ग्राम एम.डी. (मेफेड्रोन) ड्रग्स के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ड्रग्स के साथ घटना में प्रयुक्त स्कूटी भी जब्त की है। मामले में ड्रग्स के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल तथा एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में थाना रिंगनोद प्रभारी निरीक्षक आनन्द सिंह आजाद और चौकी प्रभारी ढोढर उप निरीक्षक रघुवीर जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 1 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर मोरिया रोड स्थित तहसील कार्यालय के सामने घेराबंदी की।
जावरा के दो आरोपी गिरफ्तार –
कार्रवाई के दौरान वसीम उर्फ बना (30) निवासी जनता कॉलोनी, जावरा को पकड़ा गया। तलाशी में उसके पास से 100 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये बताई गई। पुलिस ने आरोपी की स्कूटी भी जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मोहम्मद शमी (29) निवासी महावीर कॉलोनी, जावरा को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों से एमडी ड्रग्स के स्रोत, सप्लाई चेन और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में विवेचना जारी है और आगे भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 100 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स (अनुमानित कीमत 10 लाख) के साथ घटना में प्रयुक्त स्कूटी जब्त की।
कार्रवाई में सराहनीय भूमिका –
इस कार्रवाई में निरीक्षक आनन्द सिंह आजाद, उप निरीक्षक रघुवीर जोशी, प्रधान आरक्षक सुधीर सिंह राठौर, प्रधान आरक्षक राधेश्याम, आरक्षक नरेन्द्र सिंह जगावत, आरक्षक शोभाराम शर्मा तथा सैनिक जितेन्द्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

