– रुक रुक कर हो रही बारिश से बढ़ी उमस, थोड़ी सी बारिश से भरने लगा सड़कों पर पानी
जावरा/रतलाम। सावन का महीना शुरू होते ही जावरा सहित पूरे रतलाम जिले में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। कभी तेज धूप तो कुछ ही देर बाद काले बादलों के साथ झमाझम बारिश—दिनभर यही सिलसिला जारी है। बारिश रुकते ही फिर धूप निकल आने से वातावरण में भारी उमस बनी हुई है, जिससे आमजन खासे परेशान हैं। हालांकि रुक-रुककर हो रही बारिश से किसानों के चेहरों पर राहत जरूर दिखाई दे रही है। जावरा में रुक रुम कर हो रही तेज बारिश के बीच शहर के प्रमुख मार्गो पर जल भराव की स्थिति देखने को मिल रही हैं।
जिले में अब तक 355 मिमी वर्षा दर्ज –
जिला प्रशासन द्वारा जारी वर्षा प्रतिवेदन के अनुसार 31 जुलाई 2026 तक जिले में औसतन 335.00 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। जबकि पिछले 24 घंटों में जिले में औसतन 34.50 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
जावरा में अब तक 14.5 इंच बारिश, लेकिन पिछले साल से करीब 8 इंच कम –
आंकड़ों पर नजर डालें तो जावरा में 1 जून से अब तक 368 मिमी यानी करीब 14.5 इंच बारिश दर्ज हुई है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि तक 571 मिमी (22.5 इंच) वर्षा हो चुकी थी। यानी इस साल अब भी लगभग 8 इंच (203 मिमी) बारिश की कमी बनी हुई है। वहीं पूरे रतलाम जिले में औसतन 13.2 इंच वर्षा दर्ज हुई है, जो पिछले वर्ष के 22.2 इंच के मुकाबले करीब 9 इंच कम है। ऐसे में सावन की अच्छी बारिश पर किसानों और आमजन की उम्मीदें टिकी हुई हैं।
24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश रतलाम और आलोट में –
पिछले 24 घंटों में सर्वाधिक वर्षा रतलाम में 78 मिमी दर्ज की गई। इसके बाद आलोट में 52 मिमी, रावटी में 51 मिमी, बाजना में 21 मिमी, सैलाना में 20 मिमी, जावरा और पिपलोदा में 19-19 मिमी तथा ताल में 16 मिमी वर्षा हुई।
किसानों की निगाहें अब अगस्त की बारिश पर –
कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि खरीफ फसलों के लिए अगस्त माह की बारिश बेहद महत्वपूर्ण रहेगी। यदि आने वाले दिनों में अच्छी वर्षा होती है तो अब तक की कमी काफी हद तक पूरी हो सकती है। फिलहाल जावरा में मौसम का मिजाज लोगों के लिए राहत और परेशानी दोनों साथ लेकर आया है—बारिश से गर्मी कम होती है, लेकिन धूप निकलते ही बढ़ी हुई नमी और उमस लोगों का हाल बेहाल कर रही है।
बारिश के आंकड़े मिमी के साथ इंच में भी समझिए –
जिले में अब तक औसत वषार्: 335.00 मिमी (लगभग 13.19 इंच)
पिछले वर्ष इसी अवधि में: 564.00 मिमी (लगभग 22.20 इंच)
इस वर्ष अब तक कमी: 229.00 मिमी (लगभग 9.02 इंच)
जावरा का वर्षा रिकॉर्ड –
1 जून से 31 जुलाई 2026 तक: 368.00 मिमी (लगभग 14.49 इंच)
1 जून से 31 जुलाई 2025 तक: 571.00 मिमी (लगभग 22.48 इंच)
पिछले वर्ष की तुलना में कमी: 203.00 मिमी (लगभग 7.99 इंच)
पिछले 24 घंटे की वर्षा –
जिले की औसत वर्षा : 34.50 मिमी (लगभग 1.36 इंच)
जावरा: 19.00 मिमी (लगभग 0.75 इंच)
यानी पूरे जिले में इस वर्ष अब तक औसतन लगभग 41 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है।


Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

