– 75 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों, पालकों और शिक्षकों का सम्मान
– विधायक डॉ. राजेन्द्र पाण्डेय ने सराहा विद्यालय का उत्कृष्ट प्रदर्शन
जावरा/पिपलौदा। सांदीपनि विद्यालय पिपलौदा में गुरु पूर्णिमा महोत्सव पखवाड़े का समारोहपूर्वक समापन किया गया। इस अवसर पर बोर्ड परीक्षाओं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और मार्गदर्शक शिक्षकों का विधायक डॉ. राजेन्द्र पाण्डेय के मुख्य आतिथ्य में सम्मान किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन एवं वंदना से हुई। विद्यालय परिसर में स्थापित नए वाटर कूलर का शुभारंभ भी अतिथियों ने किया। प्राचार्य संजय कुमार शर्मा ने बताया कि कक्षा 12वीं का शत-प्रतिशत परिणाम और सभी विद्यार्थियों के प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होने के कारण सांदीपनि विद्यालय पिपलौदा प्रदेश के सात श्रेष्ठ चयनित विद्यालयों में शामिल हुआ है, जो पूरे जिले के लिए गौरव की बात है।
13 दिनों तक हुए विभिन्न आयोजन –
गुरु पूर्णिमा महोत्सव के तहत 13 दिनों तक भाषण, निबंध, संस्कृत श्लोक पाठ, योग, ध्यान, करियर मार्गदर्शन, पर्यावरण एवं स्वच्छता जागरूकता, नशामुक्ति संकल्प और भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा जैसे विषयों पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
लगातार दूसरे वर्ष मिली इस सफलता गर्व की बात –
अपने संबोधन में विधायक डॉ. राजेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि लगातार दूसरे वर्ष मिली यह सफलता विद्यालय की उत्कृष्ट शैक्षणिक गुणवत्ता, समर्पित शिक्षकों और अनुशासित विद्यार्थियों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सात श्रेष्ठ विद्यालयों में शामिल होना पिपलौदा और पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। कार्यक्रम में नगर मंडल अध्यक्ष प्रवीणसिंह राठौर, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष प्रफुल्ल जैन, जिला सलाहकार समिति सदस्य मुकेश मोगरा, एल्डरमेन प्रकाश जायसवाल एवं मंडल महामंत्री भंवरगिर गोस्वामी सहित विद्यालय के सभी शिक्षक उपस्थित रहे। संचालन संजय भट्ट ने किया तथा आभार प्राचार्य संजय कुमार शर्मा ने व्यक्त किया।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

