– जावरा कोर्ट परिसर में छत गिरने के एक दिन बाद प्रशासन की कार्रवाई, जर्जर आधार केंद्र भवन किया ध्वस्त
– नगर पालिका की कार्रवाई; छत गिरने के बाद मंडरा रहे बड़े खतरे को किया खत्म, अभिभाषक संघ की मौजूदगी में हटाया गया भवन
जावरा। जावरा कोर्ट परिसर स्थित पानी की प्याऊ एवं आधार सुविधा केंद्र की छत गिरने की घटना के बाद नगर पालिका ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुरुवार को पूरे जर्जर भवन को ध्वस्त कर दिया। बुधवार को हुई घटना में बड़ा हादसा टल गया था और मौजूद लोग बाल-बाल बच गए थे। इसके बाद प्रशासन ने संभावित खतरे को देखते हुए भवन को हटाने का निर्णय लिया।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी चन्द्रशेखर सोनिस एवं सहायक यंत्री महेशचंद सोनी के निर्देश पर नगर पालिका की टीम ने कार्रवाई करते हुए पानी की प्याऊ एवं आधार सुविधा केंद्र के जीर्ण-शीर्ण भवन को गिरा दिया। कार्रवाई के दौरान प्रभारी इमरान कुरैशी, शैलेन्द्र सिंह (समयपाल) एवं पुखराज बिड़वान सहित नगर पालिका का अमला मौजूद रहा। वहीं अभिभाषक संघ के सदस्य भी मौके पर उपस्थित रहे।
भरभराकर गिरी भी छत –
गौरतलब है कि बुधवार को लगातार बारिश के बीच आधार सुविधा केंद्र की छत अचानक भरभराकर गिर गई थी। बताया गया था कि हाल ही में छत पर बरसाती डाली गई थी, जिस पर बारिश का पानी भरने से अतिरिक्त भार बढ़ गया और छत ढह गई। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई थी, हालांकि कुछ लोगों को मामूली चोटें आई थीं। नगर पालिका की इस कार्रवाई से अब कोर्ट परिसर में आने वाले अधिवक्ताओं, पक्षकारों और आम नागरिकों के लिए संभावित खतरा समाप्त हो गया है। स्थानीय लोगों ने भी समय रहते जर्जर भवन हटाए जाने की कार्रवाई का स्वागत किया है।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

