– मारपीट न करने और हथकड़ी पहनाकर घुमाने की धमकी देकर मांगे थे 1.10 लाख रुपए, भीलवाड़ा के होटल में हुई ट्रैप कार्रवाई
रतलाम/भीलवाड़ा। मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में पदस्थ एक हेड कांस्टेबल को राजस्थान के भीलवाड़ा में रिश्वत लेते हुए राजस्थान एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी हेड कांस्टेबल तपेश गोसाई, जो रतलाम के औद्योगिक क्षेत्र थाने में पदस्थ है, पर जमीन धोखाधड़ी के एक मामले में गिरफ्तार आरोपी के साथ मारपीट नहीं करने, हथकड़ी पहनाकर शहर में नहीं घुमाने और जांच में सहयोग करने के बदले 1 लाख 10 हजार रुपए की रिश्वत मांगने का आरोप है।
एसीबी की कार्रवाई के दौरान आरोपी की जेब से 50 हजार रुपए बरामद किए गए। इससे पहले वह शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपए की पहली किस्त ले चुका था। शेष राशि लेने के लिए वह भीलवाड़ा के एक होटल पहुंचा था, जहां एसीबी ने ट्रैप कार्रवाई कर उसे दबोच लिया। राजस्थान एसीबी के महानिदेशक गोविंद गुप्ता के अनुसार, यह कार्रवाई रतलाम निवासी व्यापारी रतन जांगिड़ की शिकायत पर की गई।
न तो अनुंबध कराया, न असली मालिक से मिलाया –
शिकायत में बताया गया था कि भीलवाड़ा निवासी मोहम्मद लियाकत (70) ने रतलाम में नए आरटीओ कार्यालय के सामने स्थित बंद पड़ी ऑयल मिल और जमीन का 11 करोड़ 10 लाख रुपए में सौदा कराने का भरोसा दिलाया था। इस दौरान लियाकत ने जांगिड़ से 25 लाख 76 हजार रुपए ले लिए, लेकिन न तो जमीन का अनुबंध कराया और न ही वास्तविक मालिक से मुलाकात कराई। इस मामले में रतलाम के औद्योगिक क्षेत्र थाने में धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया गया था, जिसके बाद पुलिस ने मोहम्मद लियाकत को गिरफ्तार कर लिया था।
हथकड़ी पहनाकर शहर में घुमाने की दी धमकी –
एसीबी के अनुसार, जांच के दौरान हेड कांस्टेबल तपेश गोसाई ने आरोपी लियाकत के भाई से कहा कि यदि 1 लाख 10 हजार रुपए नहीं दिए गए तो आरोपी के साथ मारपीट की जाएगी और उसे हथकड़ी पहनाकर पूरे शहर में घुमाया जाएगा। शिकायतकर्ता ने पहले 10 हजार रुपए दे दिए और शेष राशि देने का आश्वासन दिया। इसके बाद उसने राजस्थान एसीबी से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई।
होटल में रंगे हाथों पकड़ा –
योजना के तहत जब रतलाम पुलिस की टीम जांच के सिलसिले में लियाकत को लेकर भीलवाड़ा पहुंची तो हेड कांस्टेबल तपेश गोसाई, एएसआई कैलाश सैनी और एक अन्य कांस्टेबल होटल के कमरा नंबर 104 में रुके। वहीं एसीबी की ट्रैप टीम पास के कमरा नंबर 105 में मौजूद रही। जैसे ही शिकायतकर्ता ने 50 हजार रुपए आरोपी को दिए और तय संकेत दिया, एसीबी टीम ने तत्काल छापा मारकर तपेश गोसाई को रिश्वत की राशि सहित गिरफ्तार कर लिया।
एसपी बोले- अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका की होगी जांच –
रतलाम पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने मामले में कहा कि फिलहाल हेड कांस्टेबल तपेश गोसाई को राजस्थान एसीबी ने गिरफ्तार किया है। इस मामले में साथ मौजूद एएसआई कैलाश सैनी और एक अन्य कांस्टेबल की भूमिका अभी स्पष्ट नहीं हुई है। वहीं एएसपी विवेक कुमार लाल ने बताया कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार वैधानिक ओर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।


Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

