– हत्या के प्रयास का मामला वापस लेने, निष्पक्ष जांच और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग
जावरा। कालुखेड़ा थाना क्षेत्र में हुए गोलीकांड एवं गुमशुदगी प्रकरण को लेकर सोमवार को आंजना समाज के प्रतिनिधिमंडल ने जावरा विश्राम गृह में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार को विस्तृत ज्ञापन सौंपा। समाज ने पुलिस द्वारा दर्ज अपराध को एकतरफा और असत्य बताते हुए इसकी निष्पक्ष जांच कराने तथा घायल पक्ष पर दर्ज हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं को समाप्त करने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि 25 जून को मानसिक रूप से अस्वस्थ अमृतलाल आंजना की गुमशुदा पुत्री हिमांशी की तलाश के संबंध में बातचीत के लिए समाज के कुछ लोग दिलावर सिंह के घर पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद भेरूसिंह द्वारा कथित रूप से फायरिंग की गई, जिसमें जीवन, विक्रम और रितुराज आंजना घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। समाज का आरोप है कि घटना में घायल होने के बावजूद पुलिस ने पीडि़त पक्ष के विरुद्ध ही हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया, जबकि फायरिंग करने वाले आरोपियों के खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। ज्ञापन में दिलावर सिंह, भेरूसिंह, कुलदीप सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा गुमशुदा युवती हिमांशी का जल्द पता लगाने की मांग की गई।
पूलिस अधिकारियों का पक्षपाती रवैये की हो जांच, नहीं तो होगा आंदोलन –
इसके अलावा समाज ने आरोप लगाया कि मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से नहीं की गई और कुछ पुलिस अधिकारियों ने पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाया। समाज ने संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका की जांच कर उनके विरुद्ध कार्रवाई करने की भी मांग की। आंजना समाज ने चेतावनी दी कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच कर पीडि़त पक्ष को न्याय नहीं मिला तो प्रदेशभर में व्यापक आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित पुलिस प्रशासन की होगी। इस दौरान बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।


Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

