– विश्व पर्यावरण दिवस पर श्री सर्व प्रेमी मित्र मंडल समिति की अनूठी पहल, ‘एक पौधा मां के नाम’ का दिलाया संकल्प
जावरा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर श्री सर्व प्रेमी मित्र मंडल समिति द्वारा धर्म एवं पर्यावरण संरक्षण का सुंदर संगम प्रस्तुत करते हुए एक अनूठी पहल की गई। हिंदू छीपा पूरा स्थित हनुमान मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय यज्ञ महोत्सव के समापन अवसर पर भव्य हरियाली कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें श्रद्धालु कलशों में पौधे रखकर नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरे और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
समिति द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित किए जाने वाले इस धार्मिक आयोजन के अंतर्गत 3 जून 2026 को यज्ञ महोत्सव का शुभारंभ हुआ। द्वितीय दिवस भगवान हनुमान जी महाराज एवं भगवान भोलेनाथ का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अभिषेक किया गया। महोत्सव के अंतिम दिन शुक्रवार 5 जून को बड़ी संख्या में पुरुषों एवं महिलाओं ने हरियाली कलश यात्रा में भाग लिया। यात्रा नगर के मुख्य मार्गों से होती हुई हनुमान मंदिर पहुंची, जहां यज्ञ की पूर्णाहुति संपन्न हुई।
कलश के साथ रखे पौधे, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश –
विश्व पर्यावरण दिवस को ध्यान में रखते हुए समिति ने यात्रा में शामिल कलशों में पौधे रखकर हरियाली एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। यात्रा के समापन पर उपस्थित श्रद्धालुओं को ‘एक पौधा मां के नामÓ अभियान के तहत पौधारोपण का संकल्प दिलाया गया तथा पौधों की नियमित देखभाल करने की शपथ भी दिलाई गई। यज्ञ की पूर्णाहुति के पश्चात महाआरती एवं महाप्रसादी भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने धर्मलाभ प्राप्त किया। यात्रा में भगवान की सुसज्जित बग्गी विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
इन्होने लिया धार्मिक अनुष्ठान का लाभ –
यज्ञाचार्य पंडित बद्रीलाल उपाध्याय के सान्निध्य में आयोजित धार्मिक अनुष्ठानों में पंडित कचरूलाल जोशी, पंडित राजेश जोशी एवं पंडित मुकेश बैरागी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यज्ञ में मुख्य यजमान के रूप में मनीष गुल्या, गोपाल मोहानीवाल एवं अनिल सालित्रा उपस्थित रहे। मुख्य कलश यजमान का दायित्व बद्रीलाल सालित्रा ने निभाया, जबकि मुख्य ध्वज यजमान राजेंद्र बरसोलिया रहे। भगवान भोलेनाथ एवं भगवान हनुमान जी के अभिषेक का धर्मलाभ अनिल गुल्या एवं रवि सालित्रा ने प्राप्त किया। श्री सर्व प्रेमी मित्र मंडल समिति के इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, समाजजन एवं नगरवासी उपस्थित रहे। धार्मिक आस्था, सामाजिक जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण के संदेश से ओतप्रोत यह आयोजन नगरवासियों के बीच आकर्षण एवं चर्चा का विषय बना रहा।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

