– सीपा संस्था एवं कृषि विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किसानों को बीजोपचार, मृदा परीक्षण और टिकाऊ कृषि पद्धतियों का दिया प्रशिक्षण
जावरा। ग्राम पंचायत झालवा में समर्थ इन पार्टिसिपेटरी एक्शन सोसाइटी (सीपा संस्था) एवं कृषि विभाग के संयुक्त तत्वावधान में कृषक जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के अनुरूप आधुनिक एवं टिकाऊ कृषि तकनीकों की जानकारी प्रदान करना था।
प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने किसानों को क्लाइमेट स्मार्ट कृषि पद्धतियों को अपनाने के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही आगामी खरीफ सीजन की कृषि गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए खेत की तैयारी, उन्नत एवं उपयुक्त किस्मों के चयन तथा बेहतर उत्पादन के लिए आवश्यक कृषि उपायों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम में किसानों को बीज अंकुरण परीक्षण की विधि एवं कल्चर आधारित बीजोपचार की तकनीकों का व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। इसके अलावा मृदा परीक्षण के लिए मिट्टी का सही नमूना लेने की प्रक्रिया समझाई गई तथा मृदा स्वास्थ्य कार्ड के आधार पर संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन की जानकारी प्रदान की गई। विशेषज्ञों ने किसानों को रासायनिक उर्वरकों एवं कीटनाशकों पर निर्भरता कम करते हुए पर्यावरण अनुकूल एवं जैविक पद्धतियों से पोषक तत्व, कीट एवं रोग प्रबंधन के उपाय बताए। प्रशिक्षण में टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देने, उत्पादन लागत कम करने तथा भूमि की उर्वरता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित किसानों ने कृषि विशेषज्ञों से विभिन्न विषयों पर चर्चा कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। आयोजन के अंत में किसानों से जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को ध्यान में रखते हुए वैज्ञानिक एवं पर्यावरण हितैषी कृषि पद्धतियों को अपनाने का आह्वान किया गया।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

