– किसानों के लिए बड़ी सौगात, अब नहीं लगाना पड़ेगा दूर की मंडियों का चक्कर
कालूखेड़ा/जावरा। क्षेत्र के किसानों के लिए लंबे समय से इंतजार की घड़ी अब समाप्त होने जा रही है। किसानों की सुविधा और कृषि उपज के बेहतर विपणन को ध्यान में रखते हुए कालूखेड़ा उपमंडी का संचालन आगामी 5 जून से प्रारंभ किया जा रहा है। उपमंडी शुरू होने से क्षेत्र के हजारों किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए दूर-दराज की मंडियों में नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय, श्रम और परिवहन खर्च की बचत होगी।
उपमंडी के शुभारंभ से पहले क्षेत्रीय विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय ने मंडी परिसर का विस्तृत निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य केके सिंह कालूखेड़ा भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान मंडी परिसर में किसानों की सुविधाओं को लेकर विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। विशेष रूप से प्लेटफॉर्म व्यवस्था, बारिश के मौसम में जलभराव की समस्या, बिजली आपूर्ति, मुरम भराव तथा नालों के माध्यम से पानी निकासी की व्यवस्थाओं पर चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए गए।
किसानों को न हो कोई असुविधा –
विधायक डॉ. पांडेय ने मंडी प्रशासन को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि उपमंडी के संचालन के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सभी मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं ताकि किसान अपनी उपज का विक्रय सहज और पारदर्शी तरीके से कर सकें। उन्होंने कहा कि कालूखेड़ा उपमंडी क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण आवश्यकता थी, जिसके प्रारंभ होने से आसपास के गांवों के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। अब किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी, जिससे उनकी लागत कम होगी और समय की भी बचत होगी। यह उपमंडी क्षेत्र के कृषि विकास और किसानों की आर्थिक मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
निरीक्षण के दौरान ये रहे उपस्थित –
निरीक्षण के दौरान सुखेड़ा मंडल महामंत्री कैलाश बारोड, मीडिया प्रभारी रूपसिंह राठौर, सोशल मीडिया प्रभारी राहुल बैरागी, जनपद सदस्य दीपक नाहर, जनपद सदस्य प्रतिनिधि देवीलाल धाकड़, नितेश भंडारी, मुकेश धूवार, निर्भयराम बारोड, जयंतीलाल कारपेंटर सहित बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

