– भूतेड़ा, बड़ावदा और 8-लेन मार्ग के रेस्ट एरिया का जायजा लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
जावरा/रतलाम। आगामी सिंहस्थ महापर्व 2028 की तैयारियों को लेकर कलेक्टर मिशा सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने रविवार को जावरा क्षेत्र का दौरा कर प्रस्तावित पड़ाव स्थलों और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा सभी कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने भूतेड़ा, बड़ावदा एवं 8-लेन मार्ग पर विकसित किए जा रहे रेस्ट एरिया (विश्राम स्थल) का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आगामी सिंहस्थ महापर्व 2028 की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने अभी से व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में कलेक्टर मिशा सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने रविवार को जावरा क्षेत्र का दौरा कर सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं के लिए प्रस्तावित पड़ाव स्थलों तथा विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ एसडीएम जावरा सुनील जायसवाल, कार्यपालन यंत्री (पीडब्ल्यूडी) महेन्द्रसिंह चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सिंहस्थ से जुड़े प्रस्तावित विकास कार्यों, सुगम यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, स्वास्थ्य सुविधाओं एवं श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जाने वाली मूलभूत सुविधाओं का अवलोकन किया।
श्रद्धालुओंं को सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता –
कलेक्टर मिशा सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सिंहस्थ महापर्व में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण की जाएं। उन्होंने विशेष रूप से पड़ाव स्थलों पर पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सहायता और यातायात प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
भूतेड़ा बड़ावदा 8 लेन पर दो रेस्ट एरिया –
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर एवं एसपी ने भूतेड़ा, बड़ावदा तथा 8-लेन मार्ग पर विकसित किए जा रहे दो रेस्ट एरिया (विश्राम स्थल) का भी जायजा लिया। अधिकारियों ने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को गुणवत्ता के साथ समय पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। प्रशासन का उद्देश्य सिंहस्थ 2028 के दौरान जावरा क्षेत्र से गुजरने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा उनकी यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक बनाना है। इस दौरान सीएसपी युवराजसिंह चौहान, एसडीओपी संदीप मालवीय जावरा तहसीलदार सहदेव मोरे, पिपलौदा तहसीलदार देवेन्द्र दानगढ़, नायब तहसीलदार वैभव जैन के साथ अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

