सुजापुर में अवैध क्रेशर मशीन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, खनिज विभाग ने किया सी
– निरीक्षण के दौरान पाई गई गड़बड़ी, तत्काल प्रभाव से बंद कराया संचालन
जावरा/तलाम। जिले के ग्राम सुजापुर (तहसील पिपलौदा) में संचालित एक क्रेशर मशीन पर खनिज विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया है। कलेक्टर कार्यालय खनिज शाखा रतलाम द्वारा जारी आदेश के अनुसार निजी भूमि पर स्थापित क्रेशर मशीन में नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई।
जारी आदेश के अनुसार ग्राम सुजापुर निवासी अजय पाण्डेय पिता भगवतीलाल पाण्डेय की निजी भूमि के सर्वे क्रमांक 400/1 रकबा 0.500 हेक्टेयर क्षेत्र में क्रेशर मशीन स्थापित की गई थी। खनिज निरीक्षक द्वारा मौके पर निरीक्षण किया गया, जिसमें उक्त क्षेत्र में नई क्रेशर मशीन स्थापित होने और उस पर फिटिंग कार्य किए जाने की जानकारी सामने आई।
निरीक्षण के दौरान नियमों के अनुसार कार्रवाई करते हुए दिनांक 16 मार्च 2026 को खनिज निरीक्षक द्वारा उक्त क्रेशर मशीन को मौके पर ही सील कर दिया गया। इसके बाद खनिज शाखा द्वारा आदेश जारी कर मशीन को तत्काल प्रभाव से सील करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित क्रेशर और खनन गतिविधियों पर सख्ती के संकेत मिले हैं। अधिकारियों का कहना है कि नियमों के विरुद्ध संचालित किसी भी क्रेशर या खनन गतिविधि पर आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।


