– हाईवे पर पकड़े गए तस्करों से खुला राज, फरार सरगना 24 दिन बाद गिरफ्त में
रतलाम/नामली। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। रतलाम-मंदसौर हाईवे पर 90 किलो डोडाचूरा बरामदगी मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी बिरदाराम विश्नोई को नामली पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी पूरे गिरोह का संचालन कर रहा था और हाईवे के जरिए प्रदेश में नशे की सप्लाई की जा रही थी।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेककुमार लाल व एसडीओपी किशोर पाटनवाला के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी गायत्री सोनी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश की जा रही थी। मुखबिर सूचना के आधार पर टीम राजस्थान रवाना हुई और 13 फरवरी 2026 को फलोदी जिले के कालीराणा नगर से आरोपी को पकड़ लिया गया।
ऐसे खुला था तस्करी का जाल –
20 जनवरी 2026 को नामली के पास पंचेड़ फंटा, रतलाम-मंदसौर हाईवे पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक कार से 06 बोरों में भरा 90.800 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया था। बरामद माल की कीमत करीब 2.80 लाख रुपए और तस्करी में प्रयुक्त आई-20 कार की कीमत 5 लाख रुपए आंकी गई। कुल जब्ती 7.80 लाख रुपए की रही। इस दौरान पुलिस ने दो तस्करों अशोक विश्नोई निवासी फलोदी, राजस्थान तथा रामजस विश्नोई निवासी जोधपुर, राजस्थान को मौके से गिरफ्तार किया था। पूछताछ में दोनों ने गिरोह के सरगना के रूप में बिरदाराम विश्नोई का नाम उजागर किया था, जो घटना के बाद से फरार था।
एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज –
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की थी। अब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस रिमांड लेकर उससे नेटवर्क, सप्लाई चैन और जुड़े अन्य तस्करों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस का मानना है कि गिरोह अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय हो सकता है।
कौन है गिरफ्तार सरगना –
अवैध मादक पदार्थ की तस्करी के मामले में मुख्य सरगना बिरदाराम पिता साजनराम विश्नोई (32 वर्ष) निवासी कालीराणा नगर, थाना भोजासर, जिला फलोदी (राजस्थान) को गिरफ्तार करने में थाना प्रभारी गायत्री सोनी, उपनिरीक्षक कन्हैया अवास्या, एएसआई प्रदीप शर्मा, प्रधान आरक्षक नारायणसिंह जादौन, दिलीप रावत, गोपाल खराड़ी, आरक्षक माखन सिंह, कुणाल रावत तथा भोजासर (राजस्थान) पुलिस के पीथाराम व महिला आरक्षक सरोज की अहम भूमिका रही। पुलिस ने मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब नशे की सप्लाई चैन और उससे जुड़े अन्य तस्करों पर भी शिकंजा कसने की तैयारी है। पूछताछ में बड़े नेटवर्क के खुलासे की संभावना जताई जा रही है।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

