जावरा। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए जावरा पब्लिक स्कूल, जावरा द्वारा कक्षा 3 से 9 तक के 450 विद्यार्थियों के लिए इंदौर स्थित सुप्रसिद्ध सिमचा आइलैंड का एक दिवसीय शैक्षणिक, अनुभवात्मक एवं मनोरंजक भ्रमण आयोजित किया गया। इस विशाल शैक्षणिक भ्रमण में विद्यार्थियों की सुरक्षा, अनुशासन एवं सतत देखरेख के लिए विद्यालय की 34 शिक्षक-शिक्षिकाएँ साथ रहीं।
विद्यालय प्रबंधन द्वारा भ्रमण की पूर्व योजना अत्यंत सुव्यवस्थित ढंग से तैयार की गई, जिससे यात्रा से लेकर वापसी तक प्रत्येक चरण सुरक्षित, अनुशासित एवं सुचारु रूप से संपन्न हुआ। विद्यार्थियों के लिए विशेष परिवहन व्यवस्था की गई तथा मार्ग में आवश्यक निर्देशों एवं सुरक्षा सावधानियों का पूर्ण पालन कराया गया।
सिमचा आइलैंड पहुँचने पर विद्यार्थियों ने अपनी आयु के अनुरूप रोमांचक खेलों,रचनात्मक समूह गतिविधियों,जल क्रीड़ाओं एवं लर्निंगबेस्ड एक्टिविटीज में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में सहयोग, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास एवं टीम भावना जैसे जीवनोपयोगी गुणों का विकास हुआ। खेल-खेल में सीखने की इस अवधारणा ने बच्चों को तनावमुक्त वातावरण में सीखने का अनूठा अनुभव प्रदान किया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं पोषण का भी विशेष ध्यान रखा गया। सिमचा आइलैंड परिसर में स्वच्छ, संतुलित एवं स्वादिष्ट भोजन की उत्तम व्यवस्था की गई, जिससे विद्यार्थी पूरे दिन ऊर्जा और प्रसन्नता के साथ गतिविधियों में सहभागी बने रहे।
वास्तविक जीवन से जुडऩे का माध्यम से भ्रमण –
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ. पीयूष मूणत ने कहा शैक्षणिक भ्रमण कक्षा की चारदीवारी से बाहर निकलकर विद्यार्थियों को वास्तविक जीवन से जोडऩे का सशक्त माध्यम होते हैं। सिमचा आइलैंड में बच्चों ने मनोरंजन के साथ-साथ अनुशासन, सहयोग और आत्मनिर्भरता का भी अनुभव किया, जो उनके व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
बच्चों के जीवन के लिए तैयार करना लक्ष्य –
विद्यालय के निदेशक श्री कमल मूणत ने अपने संदेश में कहा जावरा पब्लिक स्कूल का उद्देश्य केवल परीक्षा केन्द्रित शिक्षा देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को जीवन के लिए तैयार करना है। इस प्रकार के सुरक्षित, ज्ञानवर्धक एवं आनंददायक भ्रमण बच्चों की स्मृतियों में लंबे समय तक अंकित रहते हैं और उनके समग्र विकास को नई दिशा देते हैं।
निरंतर निगरानी और मार्गदर्शन में हुआ भ्रमण –
पूरे भ्रमण के दौरान शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा विद्यार्थियों की निरंतर निगरानी, मार्गदर्शन एवं अनुशासन बनाए रखा गया। सभी सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन किया गया, जिससे यह भ्रमण पूर्णत: सुरक्षित एवं सफल सिद्ध हुआ। भ्रमण से लौटने पर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। उन्होंने इस अनुभव को अत्यंत आनंददायक, ज्ञानवर्धक एवं अविस्मरणीय बताते हुए भविष्य में भी ऐसे शैक्षणिक एवं अनुभवात्मक कार्यक्रमों के आयोजन की इच्छा व्यक्त की। यह शैक्षणिक भ्रमण जावरा पब्लिक स्कूल की उस दूरदर्शी सोच को दर्शाता है, जिसमें शिक्षा को केवल पुस्तकों तक सीमित न रखकर अनुभव, आनंद और जीवन मूल्यों से जोड़ा जाता है।
०००००००००००००००००००
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

