बदमाशों पर रतलाम पुलिस का करारा प्रहार
136 अपराधियों पर जिलाबदर की कार्रवाई, 42 जिले से बाहर, 86 की साप्ताहिक हाजिरी
रतलाम । जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ रखने और आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के लिए रतलाम पुलिस ने वर्ष 2025 में अपराधियों के खिलाफ अब तक की सबसे सख्त कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार के नेतृत्व में आपराधिक प्रवृत्ति के बदमाशों पर शिकंजा कसते हुए 136 आदतन अपराधियों के विरुद्ध जिलाबदर प्रतिवेदन माननीय कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किए गए।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सक्रिय बदमाशों, असामाजिक तत्वों एवं आदतन अपराधियों के खिलाफ मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कठोर कदम उठाए गए। इसका उद्देश्य लोक शांति बनाए रखना, हिंसक घटनाओं पर अंकुश लगाना और नागरिकों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना रहा।
थाना क्षेत्रवार सबसे अधिक कार्रवाई –
जिलाबदर प्रतिवेदनों में माणकचौक (17), आई.ए. जावरा (18), आई.ए. रतलाम (15), डीडी नगर (13), ताल (12), जावरा शहर, आलोट एवं बरखेड़ा कला (प्रत्येक 10) जैसे थाना क्षेत्र प्रमुख रहे। कुल मिलाकर 20 थाना क्षेत्रों से 136 बदमाशों को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई के दायरे में लाया गया।
कलेक्टर के आदेश से अपराधियों पर शिकंजा –
माननीय कलेक्टर द्वारा वर्ष 2025 में 42 बदमाशों को जिलाबदर कर जिले से बाहर किया गया, वहीं 86 बदमाशों को प्रति सप्ताह संबंधित थानों में हाजिरी लगाने के आदेश जारी किए गए हैं। इससे बदमाशों की गतिविधियों पर सीधा नियंत्रण स्थापित हुआ है। रतलाम पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि अपराध, बदमाशी और कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के लिए जिले में कोई स्थान नहीं है। पुलिस द्वारा ऐसी सख्त, निरंतर और प्रभावी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी तथा अपराधियों के प्रति किसी भी स्तर पर कोई नरमी नहीं बरती जाएगी।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

