मंदसौर l आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) इकाई उज्जैन ने मंगलवार को मंदसौर डाक विभाग में बड़ी कार्रवाई करते हुए डाक अधीक्षक जगदीश प्रसाद शर्मा और मेल ओवरसियर शिवकुमार मीणा को ₹15,000 की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से पूरे डाक विभाग में हड़कंप मच गया है। EOW की यह कार्रवाई डाक विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ा संदेश मानी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, आवेदक शुभम खीची (27 वर्ष), निवासी हनुमान नगर रामटेकरी, डाकपाल शाखा डाकघर गोगरपुरा, मंदसौर सिटी एसओ ने पुलिस अधीक्षक EOW उज्जैन समर वर्मा को शिकायत दी थी कि डाक अधीक्षक जगदीश प्रसाद शर्मा उसके विरुद्ध विभागीय जांच में सजा देने की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने सजा न देने की एवज में मेल ओवरसियर शिवकुमार मीणा के माध्यम से ₹15,000 की रिश्वत की मांग की थी। शिकायत की जांच में आरोप सही पाए जाने पर EOW टीम ने ट्रैप की योजना बनाकर कार्रवाई की। डाक अधीक्षक के निर्देश पर जब मेल ओवरसियर शिवकुमार मीणा ने शिकायतकर्ता शुभम खीची से ₹15,000 की राशि ली और अधीक्षक के कक्ष में बुलाया, तभी EOW की टीम ने मौके पर दबिश देकर दोनों को रंगे हाथ पकड़ लिया।
कार्रवाई में EOW अधिकारियों की टीम —
उप पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार निगवाल, उप पुलिस अधीक्षक अमित वटटी, निरीक्षक रामनिवास यादव, निरीक्षक श्रीमती रीमा यादव, उपनिरीक्षक अर्जुन मालवीय, उपनिरीक्षक सचिन्द्र पाल सेधव सहित प्रधान आरक्षक मोहन पाल, विशाल बादल, गौरव जोशी, मनोज सिरवैया, भरत मण्डलोई और राकेश जटिया शामिल रहे। EOW अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

