जावरा। यातायात पुलिस जावरा की सजगता और सक्रियता से बीती रात एक बड़ी सड़क दुर्घटना होते-होते बच गई। पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी कर नशे में धुत होकर अंधगति से बलगर दौड़ा रहे चालक को धरदबोचा। पुलिस ने चालक के खिलाफ कार्रवाई कर वाहन को जब्त कर लिया। नागरिकों ने ट्रैफिक पुलिस की सूझबूझ की प्रशंसा की है। पुलिस सूत्रों के अनुसार एसपी अमित कुमार के निर्देशन व सीएसपी दुर्गेश आर्मो के मार्गदर्शन में यातायात प्रभारी सोनु वाजपेई अमले के साथ मंगलवार की रात्रि लगभग 8 बजे चौपाटी क्षेत्र में वाहनों की जांच कर रही थी। इस दौरान उन्हें मोबाईल पर किसी से सूचना मिली कि मंदसौर की ओर से एक सीमेंट से भरा बलगर जावरा की तरफ आ रहा है। जिसे चालक लहराते हुए तेज गति से चला रहा है। इसके चलते रास्ते में कईं जगह दुर्घटना हो सकती थी। इस पर यातायात महकमा अलर्ट हो गया। जैसे ही बलगर क्रमांक आर जे 09 जीसी 7157 चौपाटी पर पहुंचा, पुलिस ने उसे रुकवाया और ट्रैफिक के प्रधान आरक्षक राहुल राठौर ने ड्राइवर को बलगर से नीचे उतरने को कहा। लेकिन चालक ने चालाकी दिखाते हुए उतरने का बहाना बनाया और वाहन को तेजगति से भगा ले गया।
पुलिस ने रतलामी नाके पर वाहनों की रफ्तार कम करने हेतु लगाए स्टॉपर को भी डंपर चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उड़ा दिए। इसके बाद आनन फानन में पुलिस ने उसे रोकने के लिए रतलाम रोड़ पर सगस बावजी के मन्दिर के नजदीक तगड़ी नाकाबंदी की। यहां एक तरफ का ट्रैफिक पूरी तरह रोकना पड़ा। तब जाकर बलगर चालक पकड़ में आया। मौके पर ही पुलिस ने उसकी ब्रेथ एनालाइजर से जांच की तो पाया कि वह बहुत अधिक मात्रा में शराब पिए हुए है। पुलिस ने बताया कि चालक इस कदर नशे में चूर था कि चलने में उसके कदम लडख़ड़ा रहे थे और बोलने में जबान, आखिरकार पुलिस ने चालक प्रभु गुर्जर के विरुद्ध कार्रवाई कर वाहन को जब्त कर लिया। क्षेत्र के लोगों ने ट्रैफिक पुलिस द्वारा की गई तात्कालिक कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस तुरन्त हरकत में नहीं आती तो बड़ी घटना हो सकती थी।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

