– जिला स्तर पर 8 खिलाड़ी चयनित, 7 ने संभाग स्तर के लिए किया क्वालीफाई
जावरा। महावीर जैन नेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने जिला स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। 15 जुलाई को रतलाम में आयोजित जिला स्तरीय शतरंज चैंपियनशिप में विद्यालय के कुल 8 विद्यार्थियों का चयन हुआ, जिनमें से 7 खिलाडिय़ों ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल के दम पर संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए भी क्वालीफाई किया। एक ही विद्यालय के इतने अधिक खिलाडिय़ों का चयन महावीर जैन नेशनल स्कूल की उत्कृष्ट खेल संस्कृति, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण एवं विद्यार्थियों की प्रतिभा का प्रमाण है।
अंडर-19 आयु वर्ग में दर्शिल आंचलिया एवं दीपाली धाकड़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिला एवं संभाग—दोनों स्तरों के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया। वहीं अंडर-17 वर्ग में मोक्षा धारीवाल एवं धैर्य जैन ने बेहतरीन रणनीति, धैर्य और आत्मविश्वास के साथ मुकाबले जीतकर संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में प्रवेश प्राप्त किया। अंडर-14 आयु वर्ग में रेवांशी जैन, मोक्षा लोढ़ा एवं मितांश त्रिवेदी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं को प्रभावित किया और संभाग स्तर के लिए क्वालीफाई किया। इसी वर्ग में मिहिर चंदेलकर ने भी सराहनीय प्रदर्शन करते हुए जिला स्तरीय प्रतियोगिता में अपना स्थान बनाया। विद्यालय के 8 में से 7 खिलाडिय़ों का संभाग स्तर तक पहुँचना शतरंज प्रतियोगिता में विद्यालय के मजबूत प्रदर्शन और वर्चस्व को दर्शाता है।
प्राचार्य ने दी खिलाडिय़ों को बधाई –
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. अश्विन गंगवाल ने सभी चयनित विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन, निरंतर अभ्यास और समर्पण से विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी खिलाड़ी संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय को नई उपलब्धियों से गौरवान्वित करेंगे। महावीर जैन नेशनल स्कूल शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए निरंतर पहचान बना रहा है। शतरंज जैसी बौद्धिक प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की यह सफलता उनकी मेहनत, नियमित अभ्यास, प्रशिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन तथा विद्यालय द्वारा खेल प्रतिभाओं को दिए जा रहे निरंतर प्रोत्साहन का परिणाम है। विद्यालय के खिलाडिय़ों की इस उपलब्धि की खेल जगत एवं अभिभावकों द्वारा व्यापक सराहना की जा रही है।


Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

