– भाषण, कविता, नृत्य और पौधरोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, पौधों की देखभाल का भी लिया संकल्प
जावरा। जावरा के सेंट पॉल्स कॉन्वेंट स्कूल में वन महोत्सव सप्ताह के दौरान विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संदेश दिया। करीब 800 विद्यार्थियों ने पौधरोपण और बीज रोपण कर हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया, वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से समाज को प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
आदित्य की तपिश को मनमोहक झोंकों में बदलने का सामर्थ्य केवल पेड़-पौधों में ही है और समाज को हरियाली का महत्व समझाने का सबसे प्रभावी माध्यम वन महोत्सव बन सकता है। इसी सोच के साथ स्थानीय सेंट पॉल्स कॉन्वेंट स्कूल, जावरा में 1 से 7 जुलाई तक वन महोत्सव उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया।
वनों पर आधारित कार्य्रकमों से हुई शुरुआत, 800 पौधों का किया रोपण –
उत्सव सप्ताह की शुरुआत वनों के महत्व पर आधारित कार्यक्रमों से हुई। विद्यार्थियों ने प्रेरक भाषण, मनमोहक नृत्य और पर्यावरण विषयक कविताओं की प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया। वन महोत्सव के दौरान विद्यालय ने पर्यावरण सुरक्षा के लिए दो स्तरों पर विशेष अभियान चलाया। विद्यालय के करीब 800 छोटे विद्यार्थियों ने अपने घरों, विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पौधरोपण एवं बीज रोपण किया। वहीं वरिष्ठ विद्यार्थियों ने पाँच-पाँच के समूह बनाकर विद्यालय परिसर में पौधे लगाए। पौधे लगाने के साथ-साथ सभी विद्यार्थियों ने उनकी सुरक्षा और पूर्ण विकास की जिम्मेदारी लेने की शपथ भी ली।
प्रतिवर्ष आयोजित होता हैं वन महोत्सव –
संस्था के डायरेक्टर देवेंद्र मूणत ने बताया कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण केवल पुस्तकों तक सीमित न रखकर उसे व्यवहारिक जीवन का हिस्सा बनाना है। इसी उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष वन महोत्सव को नए और रचनात्मक स्वरूप में आयोजित किया जाता है। प्राचार्य भाविक मूणत ने बताया कि सेंट पॉल्स स्कूल द्वारा पिछले कई वर्षों से जावरा एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर पौधरोपण किया जा रहा है। आने वाली पीढ़ी को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना ही इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। विद्यालय की मैनेजर पूर्वी मूणत ने इस सफल आयोजन के लिए सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को बधाई देते हुए भविष्य में भी ऐसे पर्यावरणीय अभियानों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।


Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

