– दोपहर साढ़े 12 बजे पीपलीबाजार में आम सभा को सम्बोधित करेंगे शिवराज
जावरा। मध्यप्रदेश में विधानसभा का चुनाव का शंखनाद हो चुका है, प्रदेश भर में कई स्टार प्रचारक अपने अपने दायित्व अनुसार चुनावी सभाएं और रैली निकालकर विकास कार्यो के बल पर मतदाताओं को रिझाने का प्रयास कर रहे है। इसी कड़ी में मंगलवार को प्रदेश के मुखिया शिवराजसिंह चौहान जावरा विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी डॉ राजेन्द्र पाण्डेय के समर्थन में शहर के पीपली बाजार में जनसभा को सम्बोधित करेंगे। सीएम की आपसभा की तैयारियों को लेकर रविवार को जिला कलेक्टर भास्कर लक्षकार, जिला पुलिस अधीक्षक राहुल कुमार लोढ़ा ने एसडीएम अनिल भाना, सीएसपी दुर्गेश आर्मो व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ सभा स्थल का अवलोकन करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जावरा विधानसभा प्रभारी महेश सोनी ने बताया कि सीएम के दौरे को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है, सभी कार्यकर्ता अपने अपने स्तर पर तैयारियों में जुटे है। भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेश शर्मा ने बताया कि मंगलवार को दोपहर करीब साढ़े 12 बजे मुख्यमंत्री की सभा पीपली बाजार में होगी। विधानसभा सह प्रभारी बद्रीलाल शर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष मुकेश बग्गड, राजेंद्रसिंह गुडरखेडा, अमित पाठक, विधानसभा मीडिया संयोजक प्रफुल्ल जैन ने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में सभा स्थल पर पहुँचने की अपील की है।