– मातृशक्ति एवं बालिकाओं ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, रेणुका शर्मा ने महिला सशक्तिकरण पर रखे विचार
जावरा। भारत विकास परिषद, शाखा जावरा द्वारा 25 अक्टूबर 2026 को शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर प्रथम बार भव्य आयोजन एवं पारिवारिक सभा का आयोजन किया गया। धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक उल्लास और पारिवारिक सौहार्द से परिपूर्ण इस कार्यक्रम में संस्था की मातृशक्तियों एवं बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। माता रानी के समक्ष गरबा एवं डांडिया नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियों ने आयोजन को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदा एवं मां भारती के चित्रों पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर विशेष रूप से अतिथियों एवं संस्था पदाधिकारियों द्वारा शस्त्र पूजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सरस्वती विद्यालय की प्राचार्या रेणुका शर्मा का संस्था अध्यक्ष शेखर नाहर, सचिव गोपाल सेठिया, महिला प्रमुख रितु सिसोदिया, संरक्षक डॉ. राजेंद्र त्रिवेदी, पूर्व अध्यक्ष मनोज अग्रवाल एवं मोनिका जोशी सहित अन्य सदस्यों ने स्वागत किया।
महिला सशक्तिकरण और शस्त्र पूजन पर रखे विचार –
अतिथि रेणुका शर्मा ने महिला सशक्तिकरण एवं शस्त्र पूजन के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए इनके आपसी संबंध और सामाजिक जीवन में प्रासंगिकता को रेखांकित किया। कार्यक्रम में उपस्थित मातृशक्तियों एवं बालिकाओं का संस्था अध्यक्ष, पदाधिकारियों, पूर्व अध्यक्षों और सदस्यों द्वारा स्वागत किया गया।
स्नेहभोज और माता रानी की आराधना के साथ समापन –
पारिवारिक सभा के अंतर्गत स्नेहभोज का आयोजन भी किया गया, जिसमें संस्था के सदस्यों ने परिवार सहित सहभागिता कर आपसी प्रेम एवं सद्भाव को मजबूत किया। रात्रि में माता रानी की आराधना और प्रसादी वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम संयोजक शीतल मेहता एवं निलेश जोशी ने आभार व्यक्त करते हुए बताया कि शरद पूर्णिमा पर इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य पारिवारिक सौहार्द, सामाजिक समरसता तथा संस्था के सदस्यों के बीच आपसी प्रेम, सद्भाव और एकता को सुदृढ़ करना था। संस्था के समस्त सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

