– जावरा शहर सहित सुखेड़ा, मऊखेड़ी, पचेवा एवं पिपलौदा में जरूरतमंदों वस्त्र वितरित किए
– सेंट पॉल कॉन्वेंट स्कूल तीन दिवसीय वस्त्र दान अभियान के माध्यम से
जावरा। दीपावली के पावन पर्व से पूर्व स्थानीय सेंट पॉल्स कॉन्वेंट स्कूल, जावरा द्वारा समाज सेवा की अद्भुत मिसाल पेश करते हुए दो दिवसीय वस्त्र दान अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान के अंतर्गत विद्यालय परिवार ने जावरा शहर सहित सुखेड़ा, मऊखेड़ी, पचेवा और पिपलौदा की बस्तियों में जरूरतमंद परिवारों तक वस्त्र वितरित किए। इस सामाजिक पहल का उद्देश्य निर्धन एवं असहाय परिवारों को सहायता प्रदान करना तथा विद्यार्थियों में सेवा, सहयोग एवं संवेदनशीलता की भावना का विकास करना रहा। विद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने घर-घर जाकर अच्छे हालत के कपड़े एकत्र किए और सर्दी के मौसम को ध्यान में रखते हुए बच्चों, महिलाओं एवं पुरुषों के लिए स्वेटर, जैकेट, शॉल आदि वितरित किए। दीपावली जैसे पर्व पर इस सेवा कार्य ने बस्तियों में खुशियाँ बाँटने का कार्य किया। विद्यार्थियों ने स्वयं वितरण प्रक्रिया में भाग लेकर सेवा ही सच्चा उत्सव है का संदेश दिया।
समाज के प्रति संवेदना और मानवता का प्रतीक –
विद्यालय के प्राचार्य देवेंद्र मूणत ने इस अवसर पर कहा कि दीपावली प्रकाश और खुशियों का पर्व है, और जब हम किसी जरूरतमंद के जीवन में प्रकाश लाते हैं, तभी इसका सच्चा अर्थ पूरा होता है। वस्त्र दान केवल वस्त्र देने का कार्य नहीं, बल्कि यह समाज के प्रति संवेदना और मानवता का प्रतीक है। विद्यालय के प्रबंधक भाविक मूणत ने बताया कि सेंट पॉल्स कॉन्वेंट स्कूल सदैव शिक्षा के साथ-साथ सेवा, संस्कार और मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देता रहा है। दीपावली पर विद्यार्थियों की यह पहल समाज में सहयोग और सकारात्मक सोच को सशक्त बनाती है।
इस अवसर पर विद्यालय के उप-प्राचार्य, शिक्षकगण एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। जावरा शहर एवं आसपास की बस्तियों के लोगों ने विद्यालय परिवार के इस मानवीय प्रयास के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि सेंट पॉल्स के विद्यार्थियों ने सच में दीपावली की भावना को सार्थक किया। इस अवसर पर सुखेड़ा के सरपंच महावीर जैन और पिपलौदा नगर परिषद प्रतिनिधि श्याम बिहारी पटेल ने विद्यालय परिवार का आभार माना और प्राचार्य देवेंद्र मूणत और मैनेजर भाविक मूणत को इस सद्भावना युक्त कार्य के लिए धन्यवाद दिया।

