– शहर के कई बड़े व्यापारी बीच बाजार में दुकानों और घरों से कर रहे विक्रय
– लायसेंसधारी व्यापारियों ने कहंा किया बचे हुए पटाखों का भंडारण … ?
– शहर में नहीं हैं ऐसी कोई जगह, जहां किया जा सके विस्फोटक पदार्थो का भंडारण
– जावरा शहर में करीब 97 दुकानदारों को जारी किए गए थे लायसेंस, लेकिन करीब 95 दुकाने ही लगी
जावरा। रोशनी के पर्व दीपोत्सव के तहत पटाखों का व्यापार भी जमकर हुआ, शहर के इकबाल गंज स्थित मैला मेदान में पटाखा मार्केट लगाया गया था, पटाखों की बिक्री के लिए प्रशासन ने इस बार करीब 97 व्यापारियों को लायसेंस प्रदान किए थे, लेकिन उनमे से करीब 95 लायसेंसधारियों ने दुकान लगाई थी। त्यौहार के प्रारंभ से लेकर करीब पांच दिनों तक पटाखा मार्केट में दुकाने लगी, जमकर व्यापार भी हुआ, लेकिन पटाखा मार्केट उठने के बाद बचे हुए पटाखों का भंडारण कहां किया गया ? कितने व्यापारियों ने शहर के बाहर पटाखों के भंडारण के लिए गौदाम लिया ? इस और किसी भी जवाबदार अधिकारी ने ध्यान नहीं दिया, नतीजतन सभी व्यापारियों के बचे हुए पटाखों का भंडारण संभवत: शहर के मध्य ही किया गया हैं, इतना ही नहीं देव दीवाली के दिन इन्ही लायसेंसधारी व्यापारियों द्वारा शहर के बीच मुख्य बाजारों, गलियों, मोहल्लों और कॉलोनियों में भंडारण किए पटाखों मे से ही जमकर बिक्री की गई।
शहर के मध्य भंडारण हैं घातक –
पटाखा मार्केट के बंद होने के बाद बचे हुए पटाखों का भंडारण संभवत: शहर के मध्य ही किया गया हैं, जबकि नियमानुसार पटाखों और विस्फोटक पदार्थो का भंडारण शहर के बाहर सुने इलाकों में करना होता हैं, लेकिन शायद यहां इस नियम का पालन नहीं किया गया हैं, यहीं कारण हैं कि शहर में किसी भी समय पटाखे आसानी से उपलब्ध होते हैं, पटाखे कहां मिलते हैं, कौन बेचता हैं, यह भी सभी जवाबदारों को पता हैं, लेकिन इन व्यापारियों पर कार्रवाई क्यों नहीं होती हैं, यह तो जवाबदार ही जाने ?
प्रत्येक दुकान से लिए 5 हजार, नपा को दिए 2420 रुपए –
पटाखा एसोसिएशन ने प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी सभी लायसेंसधारी व्यापारियों से दुकान लगाने के लिए करीब 5 हजार रुपए प्रति दुकान एकत्रित किए थे। जिसमें से नगर पालिका को मैदान, सफाई, लाईट और फायर बिग्रेड के साथ अन्य सुविधाऐं के लिए प्रति दुकान 2420 रुपए प्रदान किए गए। ऐसे में एसोसिएशन ने 95 दुकानदारों से करीब 4 लाख 75 हजार रुपए एकत्रित किए, उसमें से नगर पालिका को करीब 2 लाख 30 हजार रुपए की राशि जमा करवाई। शेष राशि का उपयोग एसोसिएशन ने किन कामो में किया यह तो एसोसिएशन पदाधिकारी ही जाने।
सर्चिंग कर की जाएगी कार्रवाई –
मामले में नपा सीएमओ दुर्गा बामनिया ने बताया कि पटाखा मार्केट समाप्त होने के बाद सभी लायसेंसधारियों को शहर में भंडारण नहीं करने की हिदायत दी थी, साथ ही शहर के मध्य भंडारण पाए जाने पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए थे, चेतावनी के बाद भी यदी बीच बाजार और घरों में भंडारण किया गया हैं तो सर्चिंग कर कार्रवाई की जाएगी।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

