– श्री श्याम मित्र मंडल कर रहा दो दिवसीय फागउत्सव का आयोजन
जावरा। शहर के पहाडिय़ा रोड़ स्थित श्री श्याम धाम (खाटु श्याम मंदिर) पर दो दिवसीय फाग उत्सव का आयोजन श्री श्याम मित्र मंडल द्वारा किया जा रहा है। जिसके तहत बुधवार को सुबह बाबा की निशान यात्रा निकाली जाएगी तथा गुरुवार रात में श्री श्याम भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा।
श्री श्याम मित्र मंडल के सदस्यों ने बताया कि बाबा श्याम की फाल्गुन मास की ग्यारस के उपलक्ष में श्री श्याम धाम जावरा पर दो दिवसीय फाग उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें 20 मार्च बुधवार को सुबह 10 बजे गीता भवन से बाबा श्याम की निशान यात्रा निकाली जाएगी। जो गीता भवन से प्रारंभ होकर गोवर्धननाथ मंदिर चौराहा, शुक्रवारियां, पीपलीबाजार, हंगामा चौक, जवाहरपथ, चुड़ी बाजार, बजाजखाना, घंटाघर चौराहा, आजाद चौक, सुतारीपुरा, खिड़की दरवाजा होते हुए पहाडिय़ा रोड़ स्थित श्री श्याम धाम पर पहुंचेगी। निशान यात्रा में श्याम भक्त फुलों की होली खेलते हुए तथा बाबा के भजनों पर झुमते हुए निकलेंगे। निशान यात्रा में पुरुष सफैद वस्त्र तथा महिलाएं पिंक साड़ी पहनकर शामिल होगी। महोत्सव के दूसरे दिन 21 मार्च गुरुवार को श्याम धाम जावरा पर श्री श्याम भजन संध्या का आयोजन किया गया है। जिसमें भजन गायक सौरभ शर्मा (जयपुर) अपने मधुर भजनों की प्रस्तुति देंगे। श्री श्याम मित्र मंडल द्वारा बाबा का आकर्षक दरबार सजाया जाएगा। वहीं श्याम धाम पर महोत्सव को लेकर तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच गई है।



