जावरा। सर्दी के मौसम को दृष्टिगत रखते हुए भले ही प्रशासन ने सुबह लगने वाले स्कूल के समय में परिवर्तन कर दिया हो, लेकिन इस मौसम में कईं बार दिन-दिन भर सूरज के दर्शन नहीं होते हैं। इसके चलते छात्र-छात्राओं को ठंड सहन करना पड़ती है। इसको ध्यान में रखते हुए कुछ समाजसेवी आगे आए और स्वयं के खर्च पर मिनीपुरा स्कूल में अध्ययनरत विद्यार्थियों को स्वेटर एवं जैकेट वितरित किए। नगर के मिनीपुरा में स्थित एकीकृत शासकीय माध्यमिक विद्यालय काटजू क्रमांक एक में पढऩे वाले कक्षा पहली से कक्षा 8 वी तक के बच्चों को ऊनी वस्त्र प्रदान किए गए। बता दें कि इस विद्यालय में अल्पसंख्यक समुदाय से जुड़े पिछडा वर्ग के बच्चे पड़ते हैं। रतलाम थाना औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी वीडी जोशी, शिवशक्ति ऑटो पार्ट्स के संचालक धीरज शर्मा एवं अम्बिका रिसोर्ट के बबलू भय्या सुराणा के सहयोग से सर्दी से बचाव हेतु विद्यार्थियों को स्वेटर व जैकेट दिए गए। इस मौके पर स्कूल की प्रभारी प्रधान अध्यापिका शकीला खानम, राशिद खान, नूरजहां खान, शमीम बानो अब्बासी, फरजाना खान, फातमा खान, मुकेश देवड़ा, मो.शफीक, गोविंदसिंह देवड़ा आदि मौजूद रहे।

