– नगर के विभिन्न व्यापारी संगठनों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर रखी मांग
जावरा। आगामी दिनों में लोकसभा चुनाव होना है, ऐसे में सभी राजनैतिक दल मतदाताओं को लुभाने के लिए बड़े बड़े नेताओं की चुनावी सभाएं करवाएंगे, ऐसे में सभी राजनेतिक दल शहर के मुख्य बाजारों में चुनावी सभा करते है, जिससे मुख्य बाजार में व्यापार पर खासा असर पड़ता है, वहीं यातायात भी प्रभावित होता है, ऐसे में आगाली में चुनाव में राजनेतिक सभाओं के लिए मुख्य बाजारों में अनुमति नहीं देने की मांग मंगलवार को शहर के विभिन्न व्यापारी संगठनों ने अनुविभागीय अधिकारी से ज्ञापन सौंपकर की है।
मंगलवार को नगर के व्यापारी संगठन कोठी बाजार व्यापारी मंडल, कमानी गेट व्यापारी संगठन एवं जनरल मर्चेंट एसोसिएशन जावरा के प्रतिनिधियों ने अनुविभागीय अधिकारी राधा महंत को ज्ञापन सौंपकर आगामी लोकसभा चुनाव के दौरान मुख्य बाजारों में राजनीतिक पार्टियों एवं निर्दलीय प्रत्याशियों द्वारा रैली या आम सभा की अनुमति नहीं दिए जाने की मांग की, व्यापारियों ने बताया कि रैली या सभा के दौरान शहर के व्यस्ततम बाजार कमानी गेट, कोठी बाजार, घंटाघर, पिपली बाजार, जवाहर पथ क्षेत्र में आम सभा या रैली के माध्यम से पूरे बाजार का रास्ता बंद कर दिया जाता है। जिससे बाजार के सभी व्यापारियों का व्यापार पूरी तरह से बंद हो जाता है, वहीं स्कूल बसों का संचालन, आपात स्थिति में फायर ब्रिगेड एवं एंबुलेंस का संचालन प्रभावित होता हैं। ऐसी दुविधा ना हो इसके लिए चुनावी सभा और रैली के लिए मुख्य बाजारों में अनुमति नहीं दिए जाने की मांग की है। इस मौके पर कोठी बाजार व्यापारी मंडल के सुनील संघवी, राजेश धम्मानी, संजय अरोड़ा, शेखर मांडोत, विशाल पटेल, मनीष पोरवाल, महेंद्र अग्रवाल, अक्षत अग्रवाल, प्रमोद छाजेड, आदि उपस्थित थे। जनरल मर्चेंट एसोसिएशन से अशोक मोदी, दिनेश शर्मा, रितेश भटेवरा, सुनील गांधी, विजय भटेवरा आदि उपस्थित थे। ज्ञापन का वाचन संस्था के विनोद मेहता ने किया। आभार पुष्पक चौरसिया ने माना।

