– गीता के 15 वें अध्याय का सामूहिक वाचन, आरती व प्रसाद वितरण के साथ हुआ भव्य आयोजन
जावरा। अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव दिवस के अवसर पर मार्गशीर्ष शुक्ल पक्ष की ग्यारवीं तिथि, तद्नुसार 1 दिसंबर 2025 को म.प्र. शासन संस्कृति विभाग, नगर पालिका जावरा एवं श्री गीता भवन ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में गीता भवन प्रांगण में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रात: 11 बजे भगवान श्री कृष्ण के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन-अर्चना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ ट्रस्ट के उपाध्यक्ष कैलाश विजयवर्गीय, मुख्य नगर पालिका अधिकारी राहुल शर्मा, विधायक प्रतिनिधि प्रांजल पाण्डेय, उपाध्यक्ष सुशील कोचट्टा, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष राजेश शर्मा तथा ट्रस्ट के सभी सदस्यगणों द्वारा किया गया। इसके पश्चात् ध्वजारोहण कर उपस्थित विशाल संख्या में धर्मालुजनों ने भगवान श्री कृष्ण एवं श्री गीता जी के जयकारे लगाए, जिससे वातावरण भक्तिमय हो उठा।
गीता का संदेश — समाज का दर्पण, धर्म का मर्म –
कार्यक्रम के प्रमुख वक्ता समाजसेवी नारायणसिंह चिकलाना ने अपने उद्बोधन में गीता के मूल सार को बताते हुए भगवान कृष्ण के प्रति समर्पण भाव रखने और प्रतिदिन गीता वाचन करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा गीता धर्म का मर्म और समाज का दर्पण है। समाज व सत्ता का समायोजन भारत को विश्वगुरु बनाएगा। इससे पूर्व स्वागत उद्बोधन ट्रस्ट के उपाध्यक्ष कैलाश विजयवर्गीय ने दिया। विधायक एवं ट्रस्ट अध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र पांडेय के प्रतिनिधि प्रांजल पांडेय ने गीता के 15वें अध्याय के सार को सरल शब्दों में प्रस्तुत किया। मुख्य नगर पालिका अधिकारी राहुल शर्मा तथा उपाध्यक्ष सुशील कोचट्टा ने भी धर्मसभा को संबोधित किया।
गीता के 15 वें अध्याय की पुस्तक वितरित, सामूहिक पाठ ने बांधा समा –
म.प्र. शासन द्वारा गीता के 15वें अध्याय पुरुषोत्तम योग की पुस्तकें उपस्थित धर्मालुजनों को वितरित की गईं। पं. महेशकुमार उपाध्याय के सान्निध्य में सामूहिक रूप से अध्याय का वाचन किया गया। उपाध्याय ने बताया कि 15वां अध्याय क्यों अत्यंत महत्वपूर्ण माना गया है। अंत में भगवान श्री कृष्ण की आरती उतारी गई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया। इस दौरान ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष, ट्रस्टीगण प्रकाश खण्डेलवाल, गायत्री प्रसाद मंडलोई, प्रदीपसिंह सोलंकी (एडवोकेट), रश्मि पांडेय, कोमल त्रिवेदी, सुमन मेहता, डॉ. विक्रमसिंह राठौर, इंजी. शुभम सोनी, अभय कोठारी, वीरेंद्रसिंह चौहान, शिखर धारीवाल, मनीष ऊँटवाल, दशरथ कसानिया, दशरथ चौहान सहित अनेक नागरिक उपस्थित रहे। ट्रस्ट के सचिव अशोक सेठिया ने आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता आई.पी. त्रिवेदी ने किया।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

