– गौधाम तालिदाना में संतों, गौशाला पदाधिकारियों एवं गौ भक्तों की संयुक्त बैठक संपन्न, गौ सम्मान यात्रा में सहभागिता की अपील
जावरा। गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग को लेकर आगामी 4 दिसंबर को भोपाल में आयोजित होने वाले प्रदेश स्तरीय धर्म सम्मेलन की तैयारियों के संबंध में विगत दिनों गौधाम तालिदाना में आसपास की विभिन्न गौशालाओं के पदाधिकारियों एवं गौ भक्तों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय स्तर पर निकाली जा रही गौ सम्मान यात्रा और भोपाल में होने वाले धर्म सम्मेलन को लेकर चर्चा की गई।
बैठक में विशेष मार्गदर्शन देते हुए विश्व विख्यात पंचमेड़ा गौशाला के संस्थापक सदस्य संत प्रकाश गिरी जी महाराज ने कहा कि गौ माता धर्म की धरोहर हैं। गौ माता की महिमा का वर्णन वेदों एवं शास्त्रों में किया गया है। अब समय आ गया है कि गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग को लेकर समाज व्यापक स्तर पर एकजुट होकर आगे आए।
4 दिसंबर को भोपाल में प्रदेश स्तरीय धर्म सम्मेलन –
संत श्री प्रकाश गिरी जी महाराज ने कहा कि इस पुनीत कार्य में केवल सरकार ही नहीं, बल्कि समाज की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। इसी उद्देश्य से राष्ट्रीय स्तर पर गौ सम्मान यात्रा निकाली जा रही है। आगामी 4 दिसंबर को भोपाल में प्रदेश स्तरीय धर्म सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसके माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति, राज्यपाल एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग की जाएगी। उन्होंने प्रत्येक गांव से गौ भक्तों से सम्मेलन में शामिल होने की अपील की।
संतों ने की गौ माता की पूजा-अर्चना –
कार्यक्रम की शुरुआत संतों द्वारा गौ माता के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके पश्चात धर्मसभा आयोजित की गई, जिसमें गौ माता के सम्मान, संरक्षण एवं उन्हें राष्ट्र माता घोषित करने की मांग को लेकर विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर गौ शाला संरक्षक के.के. सिंह कालूखेड़ा, अध्यक्ष गजराज सिंह राठौर (गज्जू बना), हरिओम शाह कलालिया, भाटखेड़ा एवं नवेली गौशाला के राजेश कियावत, सामाजिक कार्यकर्ता नारायण सिंह चिकलाना सहित उपस्थित गौ भक्तों ने संतों का सम्मान किया। बैठक में आसपास की 10 गौशालाओं के पदाधिकारियों एवं गौ भक्तों ने भाग लेकर गौ सम्मान अभियान में सहभागिता का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन श्रीराम पटेल कुरावन ने किया तथा आभार गजराज सिंह राठौर (गज्जू बना) ने माना।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

