– पति की लंबी उम्र के लिए सुरक्षा का संदेश, महिलाओं से मांगा ‘सेफ्टी गिफ्ट’; अवैध पार्किंग पर 5 वाहनों के चालान
जावरा। करवा चौथ पर जहां सुहागिनें अपने पति की लंबी उम्र और सलामती के लिए व्रत रखती हैं, वहीं जावरा यातायात पुलिस ने इस भावना को सड़क सुरक्षा से जोड़कर एक अनूठी जन-जागरूकता पहल की। पुलिस ने संदेश दिया कि पति की लंबी उम्र के लिए दुआ के साथ सड़क पर सुरक्षा नियमों का पालन भी उतना ही जरूरी है।
पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार के मार्गदर्शन तथा सीएसपी जावरा युवराजसिंह चौहान एवं डीएसपी यातायात रतलाम के पर्यवेक्षण में जावरा शहर ट्राफिक टीआई रवि वर्मा द्वारा चलाए गए इस अभियान के तहत नगर के प्रमुख चौराहों और बाजार क्षेत्रों में जागरूकता पॉइंट बनाए गए। यहां वाहन चालकों को चालानी कार्रवाई के बजाय समझाइश देकर हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीटबेल्ट लगाने और तेज गति से वाहन नहीं चलाने के लिए प्रेरित किया गया।
नियमों का पालन करने वाले दंपत्तियों का सम्मान –
अभियान के दौरान यातायात नियमों का पालन करते हुए मिले दंपत्तियों को यातायात पुलिस ने पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया और करवा चौथ की शुभकामनाएं दीं। इस पहल के माध्यम से पुलिस ने बताया कि परिवार की खुशियों और अपनों की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन बेहद जरूरी है।
पतियों से महंगे उपहार नहीं, सुरक्षा का वचन मांगें महिलाएं –
ट्रेफिक टीआई रवि वर्मा ने बाजार में खरीदारी करने पहुंची महिलाओं से यातायात पुलिस ने विशेष अपील की कि इस करवा चौथ पर वे अपने पतियों से महंगे उपहारों के बजाय हेलमेट पहनने, सीटबेल्ट लगाने और यातायात नियमों का पालन करने का वचन मांगें। पुलिस ने इसे ‘गिफ्ट ऑफ सेफ्टीÓ का संदेश देते हुए सड़क सुरक्षा को परिवार की खुशियों से जोड़ा।
अवैध पार्किंग पर भी कार्रवाई, 5 वाहनों के चालान –
जागरूकता अभियान के साथ यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष चेकिंग भी की गई। इस दौरान सर्विस लाइन में अवैध रूप से वाहन खड़े कर यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले 5 वाहनों पर चालानी कार्रवाई की गई। संबंधित वाहन चालकों से समन शुल्क अधिरोपित कर भविष्य में नियमों का उल्लंघन नहीं करने की हिदायत दी गई।
यातायात पुलिस की अपील –
यातायात पुलिस जावरा ने नागरिकों से अपील की कि त्योहार की खुशियां तभी पूरी हैं, जब हर व्यक्ति सुरक्षित अपने घर पहुंचे। दोपहिया वाहन चलाते समय मानक हेलमेट पहनें, कार में सीटबेल्ट लगाएं, निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही वाहन खड़े करें और यातायात नियमों का पालन करें।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

