– गुरुवार को सदन में राजस्व व बाजार समिति सभापति लोकेश विजवा ने रखा बजट
– निर्दलीय पार्षद बोले करोड़ों का भारीभरकम बजट, फिर भी उनके वार्डो में नहीं हो रहे काम
जावरा। नगर हित और नगर विकास को लेकर नगर पालिका परिषद जावरा का बजट सम्मेलन गुरुवार को पेश किया गया। करीब 1 अरब 43 करोड़ से अधिक की आय के साथ ही 2 लाख 54 हजार से अधिक की बचत का बजट नपाध्यक्ष अनम कड़पा की अध्यक्षता और सीएमओ दुर्गा बामनिया की उपस्थिति में राजस्व व बाजार समिति सभापति लोकेश विजवा ने सदन में पेश किया। आगामी सत्र के लिए पेश किए गए बजट में आम जनता पर किसी प्रकार का कोई नया कर नहीं लगाया गया है और ना ही किसी प्रकार के कर में वृद्धि की गई है। सत्ता पक्ष ने इसे विकास का बजट बताया तो भाजपा के पार्षदों ने इसे केन्द्र सरकार व प्रदेश सरकार की योजनाओं की बजट बताया। वहीं निर्दलीय पार्षदों ने करोड़ों का भारी भरकम बजट फिर भी धरातल पर उनके वार्ड में लाख रुपए का काम भी नहीं होने की बात भी सदन में रखी। हल्की नोक झोंक के बीच यह करीब 143 करोड़ रुपए का बजट पास किया गया। वहीं वर्तमान परिषद से नाराज चल रहे कुछ पार्षद बजट सम्मेलन में उपस्थित नहीं हुए।
गुरुवार को नगर पालिका सभागृह में सत्र 2024-25 के लिए बजट सम्मेलन का आयोजन हुआ। नपा की राजस्व एवं बाजार समिति सभापति लोकेश विजवा, प्रभारी लेखापाल संजय टुकडिय़ा तथा कर्मचारियों के साथ अटैची में बजट की कॉपी लेकर नपा सभागृह में पहुंचे। सभागृह में विजवा ने नपाध्यक्ष अनम कड़पा, उपाध्यक्ष सुशील कोचट्टा, जिला योजना समिति सदस्य मुस्तकीम मंसूरी, सांसद प्रतिनिधि प्रदीप चौधरी, विधायक प्रतिनिधि अजयसिंह भाटी, नपा सीएमओ दुर्गा बामनिया के हाथों बजट की प्रति का विमोचन किया। जिसके बाद बजट पर अपनी बात रखते हुए सभापति विजवा ने कहा कि इस बजट में जनता पर किसी प्रकार का कोई नया कर नहीं लगाया गया है, वहीं करों में भी कोई वृद्धि नहीं की गई है। आगामी सत्र के लिए विजवा ने 1 अरब 43 करोड़ 9 लाख 48 हजार 320 रुपए की आय, 1 अरब 43 करोड़ा 6 लाख 93 हजार 416 रुपए के व्यय के साथ ही 2 लाख 54 हजार 904 रुपए की बचत का बजट सदन में रखा। प्रभारी लेेखापाल टुकडिय़ा ने बजट को मदवार आय व्यय के साथ सदन में समक्ष रखा। स्वागत भाषण सीएमओ दुर्गा बामनिया ने देते हुए लोकसभा चुनाव की आचार संहिता से पूर्व जो भी निमार्ण कार्य होना है, उन्है चालु करने का आश्वासन दिया।
हर वार्ड में होगा समानता से कार्य –
नपाध्यक्ष अनम कड़पा ने विकास का बजट बताते हुए हर वार्ड में समान रुप से विकास कार्य करने की बात रखते हुए कहा कि अमृत योजना, कायाकल्प योजना, स्वच्छ भारत मिशन के साथ मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना के लिए शहर में कई विकास कार्य किए जाएंगे। जिनमें 80 किमी की पेयजल पाईप लाईन, 3 नवीन टंकियो का निर्माण, 1 बगीचा, पिलीयाखाल सोन्र्दीयकरण के साथ ही वाटर ट्रिटमेंट, रिटेनवॉल, एसडीआरएफ मद के साथ ही सिहस्थ मद में विभिन्न कार्य किए जाएंगे। कॉलोनियों में विकास कार्य, सड़क, नाली के काम भी कायाकल्प योजना के तहत होंगे।
एक ठेकेदार को सम्मेलन में हुई तिखी नोक झोक –
बजट सत्र के बीच करणी सेना के पार्षद इरशाद बाबा ने कहा कि नपा के पास करोड़ा का भारीभरकम बजट है, फिर भी उनके वार्ड में बीते दो सालों में अब तक 1 लाख रुपए का काम भी नहीं हुआ है। इसी बीच विधायक प्रतिनिधि भाटी ने शहर में अधुरे पड़े विकास कार्यो तथा कामों में गुणवत्ता नहीं होने की बात रखते हुए विभिन्न योजनाओं में मिल रहे रुपयों के व्यय की जानकारी मांगी व एक ही ठेकेदार द्वारा अधिकांश निर्माण करवाने की बात कहीं तो सदन का माहोल गर्मा गया। भाजपा के रजत सोनी, शिवेन्द्र माथुर तथा अनिल मोदी ने भी इस बात का समर्थन किया तो जिला योजना समिति सदस्य मुस्तकीम मंसुरी और पार्षदो के बीच भ्रष्टाचार से लेकर अन्य मुद्दों पर तिखी बहस हुई। पूर्व नेता प्रतिपक्ष रही रानी पवन सोनी ने भी काम नहीं होने की बात कहीं। तो शिवेन्द्र ने चौपाटी क्षैत्र में बगीचा बनाने के लिए कहा। कुछ पार्षदों ने कचरा गाड़ी पर चलने वाले कर्मचारियों की शिकायत की, तो कुछ ने टेंडर के बाद भी निर्माण कार्य चालु नहीं होने बात रखी।
कुछ नाराजगी के चलते तो कुछ निजी कारणों से रहे अनुपस्थित –
बजट सम्मेलन में शहर के सभी वार्डो के पार्षद मौजुद नहीं रहे। निर्दलीय रुप से चुनाव जीते पार्षद निजाम काजी तबीयत खराब होने के चलते सम्मेलन मे नहीं पहुंचे तो पूर्व सभापति रहे कान्हा हाड़ा, नरगीस मंसूरी, अपील समिति सदस्य नीतु चारोडिय़ा नाराजगी के चलते सम्मेलन में नहीं गए। सभापति इरफान मुबारिक हुसैन के साथ भावना शर्मा भी सम्मेलन में अनुपस्थित रही। शेष सभी पार्षद उपस्थित रहे।

