– रिंगनोद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर महू-नीमच फोरलेन पर की घेराबंदी
– राजस्थान निवासी आरोपी गिरफ्तार, ड्रग्स नेटवर्क की जांच शुरू।
रतलाम/ढोढर। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रतलाम पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 1 किलोग्राम एम.डी. ड्रग्स के साथ एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपए बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रिंगनोद निरीक्षक आनंद सिंह आजाद के नेतृत्व तथा चौकी प्रभारी उप निरीक्षक रघुवीर जोशी व पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस को 25 जून को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध एम.डी. ड्रग्स लेकर बरखेड़ी फंटा, महू-नीमच फोरलेन हाईवे से गुजरने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए घेराबंदी की और संदिग्ध को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1000 ग्राम (1 किलोग्राम) एम.डी. ड्रग्स बरामद हुई, जिसे मौके पर जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
राजस्थान के कोटड़ी का हैं आरोपी –
गिरफ्तार आरोपी की पहचान युनुस पिता नियामत खान पठान (52 वर्ष) निवासी ग्राम कोटड़ी, जिला प्रतापगढ़ (राजस्थान) के रूप में हुई है। पुलिस अब आरोपी से बरामद एम.डी. ड्रग्स के स्रोत, सप्लाई चेन, तस्करी नेटवर्क तथा इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े हर व्यक्ति के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। रतलाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत लगातार अभियान जारी रहेगा, ताकि युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखा जा सके।
इनकी भूमिका रही सराहनीय –
इस कार्रवाई में निरीक्षक आनंद सिंह आजाद, उप निरीक्षक रघुवीर जोशी, उप निरीक्षक राजेश मालवीय, सहायक उप निरीक्षक अशोक चौहान, प्रधान आरक्षक सुधीर सिंह राठौर, प्रधान आरक्षक हर्षवर्धन सिंह जगावत, आरक्षक राधेश्याम चौहान, आरक्षक नरेंद्र सिंह जगावत, आरक्षक रविंद्र सिंह चौहान, आरक्षक शोभाराम शर्मा, सैनिक छत्रपाल सिंह एवं साइबर सेल रतलाम की विशेष भूमिका रही।


Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

