– पूर्व में पकड़े तीन आरोपी जेल में, शनिवार को पकड़े तीन रिमाण्ड पर
– सुरेश जाट और राहुल जाट गिरफ्तार, आज होंगे न्यायालय में पेश
जावरा। पिपलौदा ब्लाक के गांव कंचनखेड़ी निवासी 77 वर्षीय वृद्ध नाथुलाल चौधरी के साथ मारपीट कर उसे मौत के घाट उतारने वाले सभी आठ आरोपी पुलिस गिरफ्त में पहुंच गए है। सोमवार को पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी पिपलौदा जनपद उपाध्यक्ष सुरेश जाट को भी गिरफ्तार कर लिया है। वहीं रविवार की शाम को राहुल जाट की भी गिरफ्तारी हो गई थी। जिसके बाद अब सुरेश और राहुल दोनो पुलिस की गिरफ्त है, हालाकि अभी दोनो को न्यायालय में पेश नहीं किया गया है। दोनो को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
एसडीओपी शक्तिसिंह चौहान ने बताया कि मारपीट के बाद पकड़े गए तीनों आरोपियों को पूर्व में जेल भेज दिया गया था। वहीं शनिवार को मामले के तीन और आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया था, जहां से तीनों को तीन दिन के पुलिस रिमाण्ड पर भेजा गया था। पुछताछ के बाद आरोपियों के कब्जे से मारपीट में प्रयुक्त किए गए लाठी, डंडे, लोहे की रॉड आदि जब्त किए गए है। वहीं रविवार की शाम को मामले के फरार आरोपी राहुल जाट को भी गिरफ्तार कर लिया गया था। सोमवार को मुख्य आरोपी जनपद उपाध्यक्ष सुरेश जाट को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। एसडीओपी ने बताया कि सुरेश और राहुल को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले में आरोपियों से पुछताछ जारी है, आरोपियों ने मृतक के साथ क्यों मारपीट की थी, किस प्रकार की रंजिश थी उसको लेकर पुछताछ की जा रही है।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

