– तीन महीने से घर में झाड़ू-पोछा कर रही थी महिला, अलमारी से सोने-चांदी के आभूषण चुराकर घर में छिपाए
– सीसीटीवी फुटेज और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से खुला राज
रतलाम। जिस महिला पर घर की साफ-सफाई और देखभाल का भरोसा था, उसी पर घर की अलमारी से लाखों के जेवर चोरी करने का आरोप लगा है। रतलाम के प्रतापनगर में हुई चोरी की इस वारदात का स्टेशन रोड पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने घर में काम करने वाली 32 वर्षीय महिला सोनम उर्फ सोनम पठान को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 3 लाख 50 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।
भरोसे का फायदा उठाकर अलमारी से उड़ाए जेवर –
पुलिस के अनुसार, प्रतापनगर निवासी 63 वर्षीय राजेन्द्र वाघ ऑटो पार्ट्स की दुकान संचालित करते हैं और घर पर अकेले रहते हैं। उनके घर में पिछले करीब तीन महीने से सोनम झाड़ू-पोछा का काम कर रही थी। फरियादी के मुताबिक, 23 नवंबर को दोपहर करीब 3.15 बजे वे घर से दुकान पर गए थे। शाम करीब 7.30 बजे लौटे तो अलमारी का लॉकर खुला मिला। जांच करने पर उसमें रखा सोने का ब्रेसलेट, चांदी के सिक्के, चेन और 7 हजार रुपये नकद गायब मिले। घर में काम करने वाली महिला पर संदेह होने के बाद फरियादी ने 24 नवंबर को स्टेशन रोड थाने में शिकायत दर्ज कराई।
सीसीटीवी फुटेज ने खोला चोरी का राज –
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तथा संदेह के आधार पर सोनम से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में महिला ने चोरी करना स्वीकार किया। उसने चोरी किए गए आभूषण अपने घर में छिपाकर रखे थे। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर पूरा बरामद मश्रुका जप्त कर लिया।
3.50 लाख के सोने-चांदी के जेवर बरामद –
पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से सोने का ब्रेसलेट, वजन लगभग 15 ग्राम, सोने का सिक्का, वजन लगभग 10 ग्राम, चांदी की चेन, वजन लगभग 50 ग्राम, चांदी के 3 सिक्के, वजन लगभग 30 ग्राम के आभुषण बरामद किए हैं। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई –
थाना स्टेशन रोड पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम सहित पुलिस टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रतलाम पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घरों में काम करने वाले कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन अवश्य करवाएं, कीमती सामान सुरक्षित रखें और सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगवाएं। घर में काम करने वाले कर्मचारी पर भरोसा करना जरूरी है, लेकिन सुरक्षा में सावधानी बरतना भी उतना ही जरूरी है।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
घर में काम करने वाली महिला ही निकली चोर! रतलाम में 24 घंटे के भीतर चोरी का पर्दाफाश, 3.50 लाख के जेवर बरामद
Shailendra Singh
शैलेन्द्र सिंह चौहान | Chief Editor – Jaora Headlines शैलेन्द्र सिंह चौहान, Jaora Headlines के चीफ एडिटर हैं। वे जावरा, रतलाम एवं मध्यप्रदेश की स्थानीय, राजनीतिक, सामाजिक, प्रशासनिक, शैक्षणिक और अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। Jaora Headlines के माध्यम से निष्पक्ष, विश्वसनीय और तथ्यात्मक पत्रकारिता को बढ़ावा देना उनका उद्देश्य है। स्थानीय जनसमस्याओं को प्रमुखता देना, जनहित के मुद्दों को उठाना और क्षेत्र की सकारात्मक उपलब्धियों को डिजिटल मीडिया के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। Jaora Headlines – जावरा की आवाज़, हर खबर पर नज़र।

