– उज्जैन बायपास पर हजरत निजामुद्दीन ओलिया दरगाह के सामने पकड़ी गई इको कार, 18 कट्टों में भरा था डोडाचूरा; तस्करी के नेटवर्क और सप्लायर की तलाश में जुटी पुलिस
जावरा। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जावरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 360 किलो डोडाचूरा जब्त किया है। थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा पुलिस ने उज्जैन बायपास स्थित हजरत निजामुद्दीन ओलिया की दरगाह के सामने एक इको कार से 18 प्लास्टिक के कट्टों में भरा डोडाचूरा बरामद कर मंदसौर जिले के एक 24 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार एवं नगर पुलिस अधीक्षक जावरा युवराज सिंह चौहान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सुमित मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 23 नवंबर 2026 को कार्रवाई की। हुसैन टेकरी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रघुवीर जोशी एवं टीम ने मारुति सुजुकी इको कार क्रमांक MP 04 CY 2693 की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार में रखे 18 काले प्लास्टिक के कट्टों से कुल 3 क्विंटल 60 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ।
मंदसौर जिले का आरोपी मौके से गिरफ़्तार –
मौके से पुलिस ने ग्राम पिपलखेड़ी, थाना भावगढ़, जिला मंदसौर निवासी जुझार पिता भेरूलाल खराड़ी (24) को गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा में धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है।
15.20 लाख रुपये का मश्रुका जब्त –
पुलिस ने कार्रवाई में 7 लाख 20 हजार रुपये कीमत का 360 किलो डोडाचूरा और करीब 8 लाख रुपये कीमत की इको कार सहित कुल 15 लाख 20 हजार रुपये का मश्रुका जब्त किया है।
तस्करी के नेटवर्क की तलाश –
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से मादक पदार्थ के स्रोत, सप्लायर और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है। इस कार्रवाई के बाद अवैध मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़े नेटवर्क को लेकर भी जांच तेज होने की संभावना है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका –
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुमित मिश्रा, उपनिरीक्षक रघुवीर जोशी, सहायक उपनिरीक्षक छगनलाल हाड़ा, प्रधान आरक्षक वीरेंद्र सिंह, बद्रीलाल चौधरी, सोहन भवेल तथा आरक्षक योगेंद्र, गोविंद पंवार, चेतन राठौर, शादाब बेग और योगेश राठौर की सराहनीय भूमिका रही।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
जावरा पुलिस ने 360 किलो डोडाचूरा पकड़ा, मंदसौर का आरोपी गिरफ्तार, 15.20 लाख का मश्रुका जब्त
Shailendra Singh
शैलेन्द्र सिंह चौहान | Chief Editor – Jaora Headlines शैलेन्द्र सिंह चौहान, Jaora Headlines के चीफ एडिटर हैं। वे जावरा, रतलाम एवं मध्यप्रदेश की स्थानीय, राजनीतिक, सामाजिक, प्रशासनिक, शैक्षणिक और अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। Jaora Headlines के माध्यम से निष्पक्ष, विश्वसनीय और तथ्यात्मक पत्रकारिता को बढ़ावा देना उनका उद्देश्य है। स्थानीय जनसमस्याओं को प्रमुखता देना, जनहित के मुद्दों को उठाना और क्षेत्र की सकारात्मक उपलब्धियों को डिजिटल मीडिया के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। Jaora Headlines – जावरा की आवाज़, हर खबर पर नज़र।

