– परिजनों को भेजे कथित अंतिम संदेश में प्रेम संबंधों से लेकर बदनामी और धमकियों तक का किया उल्लेख
– माता-पिता और बहन से मांगी माफी, अंतिम इच्छा में पूजा-पाठ नहीं करने और आवारा कुत्तों को रोटी खिलाने की बात लिखी।
जावरा। शहर के चौपाटी स्थित होटल पटेल पैलेस में मामटखेड़ा निवासी रवि धनगर द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में अब एक नया और गंभीर पहलू सामने आया है। आत्महत्या से पहले रवि द्वारा अपने परिजनों को भेजा गया एक लंबा कथित आखिरी संदेश सामने आया है, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए एक युवती और उसके परिवार को जिम्मेदार ठहराते हुए प्रेम संबंधों से जुड़ी कई गंभीर बातें लिखी हैं।
चार साल के प्रेम संबंध और शादी के वादे का किया जिक्र –
सामने आए संदेश में रवि ने दावा किया कि वह पिछले चार वर्षों से युवती के साथ प्रेम संबंध में था। उसके अनुसार दोनों के बीच शादी करने और परिवार की सहमति नहीं मिलने पर घर से भागकर विवाह करने तक की बातें हुई थीं। रवि ने संदेश में यह भी आरोप लगाया कि युवती ने शादी का भरोसा दिलाया था, लेकिन बाद में किसी अन्य युवक से विवाह करने का निर्णय ले लिया।
ब्लैकमेलिंग की शिकायत और धमकियों का भी उल्लेख –
रवि ने अपने कथित आखिरी संदेश में यह भी लिखा कि युवती की ओर से उसके खिलाफ पुलिस में ब्लैकमेलिंग को लेकर आवेदन दिया गया था। उसने खुद पर लगाए गए आरोपों को गलत बताते हुए बदनामी और धमकियां मिलने की बात कही। संदेश में कुछ अन्य लोगों का भी जिक्र करते हुए जान से मारने की धमकी मिलने के आरोप लगाए गए हैं।
आखिरी संदेश में माता-पिता से मांगी माफी, अंतिम इच्छा ने भावुक किया –
रवि ने अपने संदेश की शुरुआत माता-पिता और बहन से माफी मांगते हुए की। उसने परिवार को संबोधित करते हुए लिखा कि उसकी वजह से उन्हें परेशानी उठानी पड़ सकती है, इसके लिए वह माफी चाहता है। संदेश का सबसे भावुक हिस्सा वह है, जिसमें रवि ने अपने परिवार से कहा कि उसके जाने के बाद उसके लिए कोई पूजा-पाठ या कथा आयोजित नहीं की जाए। यदि परिवार कुछ करना चाहता है तो कुत्तों को रोटियां बनाकर खिला दे। उसने भावुक शब्दों में लिखा कि वह उन्हीं में कहीं रहेगा। इसके अलावा उसने अपने भाई और बहन को याद करते हुए उनसे विदाई के शब्द लिखे। पूरे संदेश में उसकी मानसिक परेशानी और रिश्तों को लेकर उसके मन में चल रहे द्वंद्व की झलक दिखाई देती है।
कई गंभीर सवाल, पुलिस जांच से सामने आएगी सच्चाई –
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या रवि द्वारा लगाए गए आरोपों में सच्चाई है? क्या प्रेम संबंधों में विवाद, शादी का वादा टूटना और बदनामी का डर उसकी आत्महत्या के पीछे की वजह बने? या फिर मामले में कोई अन्य पहलू भी है? फिलहाल मृतक के संदेश में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस द्वारा संदेश की सत्यता, उसमें उल्लेखित घटनाओं और संबंधित पक्षों की भूमिका की निष्पक्ष जांच किया जाना आवश्यक है।
पुलिस को नहीं मिला था सुसाईड नोट –
गौरतलब है कि शहर थाना प्रभारी मनोज कटारिया के अनुसार घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ था। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की है। अब परिजनों को भेजे गए इस कथित आखिरी संदेश के सामने आने के बाद मामले की जांच और भी महत्वपूर्ण हो गई है। एक युवक की मौत के साथ कई अनुत्तरित सवाल पीछे छूट गए हैं। मृतक के संदेश में लगाए गए आरोपों की सच्चाई और घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
जावरा होटल आत्महत्या मामला : रवि धनगर के आखिरी संदेश में 4 साल के प्रेम संबंध, शादी के वादे और धोखे का जिक्र
Shailendra Singh
शैलेन्द्र सिंह चौहान | Chief Editor – Jaora Headlines शैलेन्द्र सिंह चौहान, Jaora Headlines के चीफ एडिटर हैं। वे जावरा, रतलाम एवं मध्यप्रदेश की स्थानीय, राजनीतिक, सामाजिक, प्रशासनिक, शैक्षणिक और अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। Jaora Headlines के माध्यम से निष्पक्ष, विश्वसनीय और तथ्यात्मक पत्रकारिता को बढ़ावा देना उनका उद्देश्य है। स्थानीय जनसमस्याओं को प्रमुखता देना, जनहित के मुद्दों को उठाना और क्षेत्र की सकारात्मक उपलब्धियों को डिजिटल मीडिया के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। Jaora Headlines – जावरा की आवाज़, हर खबर पर नज़र।

