– रात 2 बजे टक्कर के बाद धधकती कार सीधे पेट्रोल पंप में घुसी, मची अफरा-तफरी
– अग्निशमन यंत्र लेकर दौड़े युवकों ने दिखाई गजब की सूझबूझ, चंद मिनटों की देरी बन सकती थी सैकड़ों जिंदगियों पर भारी
जावरा। शहर के चौपाटी चौराहे पर सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात एक ऐसा खौफनाक मंजर सामने आया, जिसने पेट्रोल पंप की सुरक्षा व्यवस्था और चौराहे पर यातायात के हालात पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। रात करीब 2 बजे दो कारों की टक्कर के बाद एक कार में आग लग गई। हैरानी की बात यह रही कि आग की लपटों में घिरी कार का चालक उसे सड़क पर रोकने के बजाय सीधे बोहरा जी के पेट्रोल पंप परिसर में ले गया। पेट्रोल पंप पर जलती कार को देखकर मौजूद लोगों में भगदड़ जैसे हालात बन गए। लेकिन मौके पर मौजूद कुछ युवकों ने जिस बहादुरी और सूझबूझ का परिचय दिया, उसने संभावित भीषण अग्निकांड को टाल दिया।
स्पीड ब्रेकर पर धीमी हुई इको, पीछे से तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर –
जानकारी के अनुसार रात करीब 2 बजे रतलाम से मंदसौर की ओर एक परिवार इको कार में सफर कर रहा था। चौपाटी चौराहे पर बोहरा जी के पेट्रोल पंप के सामने बने स्पीड ब्रेकर पर जैसे ही इको चालक ने कार की गति धीमी की, पीछे से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी कार सीधे इको में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पीछे वाली कार में अचानक आग लग गई।
जलती कार लेकर पेट्रोल पंप में घुसा चालक, मची अफरा-तफरी –
हादसे के बाद स्थिति तब और खतरनाक हो गई, जब आग की लपटों से घिरी कार का चालक उसे लेकर सीधे पेट्रोल पंप परिसर में पहुंच गया। पेट्रोल पंप पर मौजूद लोगों ने जब जलती कार को अपनी ओर आते देखा तो हड़कंप मच गया। पेट्रोल भरवाने आए कुछ युवक अपनी गाडय़िां छोड़कर सुरक्षित स्थान की ओर भागे। कुछ ही पलों में पूरा घटनाक्रम किसी बड़े हादसे में तब्दील हो सकता था।

युवकों ने दिखाई दिलेरी, अग्निशमन यंत्र लेकर जलती कार पर किया स्प्रे –
इसी अफरा-तफरी के बीच कुछ युवकों ने घबराने के बजाय हिम्मत दिखाई। उन्होंने तत्काल पेट्रोल पंप पर रखे अग्निशमन यंत्र उठाए और जलती कार पर स्प्रे करना शुरू कर दिया। युवकों की तत्परता और सूझबूझ से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। यदि इन युवकों ने कुछ मिनटों की देरी की होती तो पेट्रोल पंप पर मौजूद ज्वलनशील ईंधन के कारण स्थिति बेहद भयावह हो सकती थी।

पुलिस पहुंची, दोनों पक्षों में हुआ विवाद –
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। हादसे के बाद दोनों कारों के चालकों और उनमें सवार लोगों के बीच आपसी विवाद भी हुआ। पुलिस दोनों पक्षों को अपने साथ ले गई। फिलहाल घटना के बाद युवकों की बहादुरी और समय रहते आग बुझाने की तत्परता चर्चा का विषय बनी हुई है।
सवाल बड़ा है… आखिर कितने करीब था जावरा एक बड़े अग्निकांड से? –
इस घटना ने एक बार फिर चौपाटी चौराहे की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पेट्रोल पंप जैसे संवेदनशील स्थान पर यदि जलती कार पहुंच जाए तो परिणाम कितने भयावह हो सकते हैं, इसका अंदाजा इसी घटना से लगाया जा सकता है। कल्पना कीजिए, यदि कार पेट्रोल पंप के डिस्पेंसर से टकरा जाती या आग पर तत्काल काबू नहीं पाया जाता तो कितना बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल राहत की बात यही रही कि कुछ जागरूक युवकों की बहादुरी ने संभावित बड़े हादसे को टाल दिया। लेकिन यह घटना जिम्मेदार विभागों के लिए चेतावनी भी है कि चौपाटी चौराहे पर यातायात नियंत्रण और सुरक्षा इंतजामों को गंभीरता से लिया जाना जरूरी है।


