– दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर हुआ हादसा, गुजरात से राजस्थान जा रहा था परिवार
– कार में कपड़ों के बीच मिला लाखों रुपए का कैश, पुलिस ने किया जब्त
जावरा। दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जावरा के समीप सादाखेड़ी ओवरपास से गुजर रही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नीचे जा गिरी। हादसे में कार सवार प्रवीण मीणा, उनकी पत्नी और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, मीणा परिवार गुजरात से राजस्थान के गंगापुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान सादाखेड़ी ओवरपास पर कार अनियंत्रित होकर नीचे गिर गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया –
घटना की सूचना मिलते ही औद्योगिक क्षेत्र जावरा थाना प्रभारी सुमित मिश्रा और सरसी पुलिस चौकी प्रभारी अयूब खान मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
कार में कपड़ों के बीच मिला लाखों का कैश –
हादसे के बाद जब कार की तलाशी ली गई तो उसमें रखे एक बैग से कपड़ों के बीच लाखों रुपए की नकदी बरामद हुई। पुलिस ने उक्त नकदी को जब्ती में ले लिया है। हालांकि, बरामद नकदी की वास्तविक राशि कितनी है, इसकी जानकारी फिलहाल पुलिस द्वारा सार्वजनिक नहीं की गई है।
हादसे के कारणों की जांच जारी –
फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि तेज रफ्तार के कारण कार अनियंत्रित हुई या दुर्घटना के पीछे कोई अन्य वजह रही। साथ ही कार से बरामद नकदी के संबंध में भी आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

