– वीरपुरा में मावा भंडार का निरीक्षण, बड़ावदा के रेस्टोरेंट और दूध डेयरी से भी लिए गए सैंपल; 1000 लीटर दूध विक्रय के लिए मिला संग्रहित
जावरा/रतलाम। त्योहारी सीजन के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा निरीक्षण एवं सैंपलिंग की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्योति बघेल द्वारा जावरा तहसील के वीरपुरा और बड़ावदा में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर कुल 7 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए गए।
वीरपुरा में श्याम मावा भंडार का निरीक्षण –
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्योति बघेल ने ग्राम वीरपुरा स्थित श्री श्याम मावा भंडार का निरीक्षण किया। मौके पर विक्रय एवं निर्माण के लिए लगभग 15 किलो मावा पाया गया। विभाग द्वारा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत मावे का नमूना लिया गया। साथ ही प्रतिष्ठान संचालक को लाइसेंस डिस्प्ले करने के निर्देश दिए गए।
बड़ावदा के रेस्टोरेंट से मावा और सेव के नमूने –
इसके बाद बड़ावदा स्थित बैरागी रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया। यहां प्रोपराइटर राजेंद्र बैरागी पिता बालूदास बैरागी से मावा एवं सेव के नमूने लिए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने प्रतिष्ठान पर साफ-सफाई बनाए रखने और गुणवत्ता युक्त खाद्य सामग्री का उपयोग करने के निर्देश दिए।
कृष्णा दूध डेयरी में 1000 लीटर दूध मिला संग्रहित –
इसी क्रम में सदर बाजार बड़ावदा स्थित श्री कृष्णा दूध डेयरी का निरीक्षण किया गया। मौके पर फर्म का संचालन श्री राजेंद्र मुंदड़ा पिता मोहनलाल मुंदड़ा द्वारा किया जाना पाया गया। निरीक्षण के दौरान डेयरी में विक्रय के लिए लगभग 1000 लीटर दूध संग्रहित मिला। विभाग द्वारा यहां से मिश्रित गाय-भैंस का दूध, घी, पनीर और दही के नमूने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत लिए गए। अधिकारी द्वारा डेयरी संचालक को साफ-सफाई रखने, कर्मचारियों के मेडिकल सर्टिफिकेट उपलब्ध रखने, पेस्ट कंट्रोल से संबंधित दस्तावेज संधारित करने तथा लाइसेंस डिस्प्ले करने के निर्देश दिए गए।
भोपाल प्रयोगशाला भेजे गए सभी 7 नमूने –
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा तीनों प्रतिष्ठानों से लिए गए कुल सात नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। अब खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट में मिलावट या गुणवत्ता संबंधी अनियमितता सामने आने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

