– 70 वीं एसजीएफआई राष्ट्रीय शालेय हैंडबॉल प्रतियोगिता में विद्या भारती का प्रतिनिधित्व कर सार्थक चौरडिय़ा और दक्ष शर्मा ने बढ़ाया जावरा का मान
जावरा। जावरा के दो प्रतिभाशाली युवा खिलाडिय़ों ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और पूरे नगर को गौरवान्वित किया है। सरस्वती शिशु-विद्या मंदिर, कश्मीरी गली एवं पहाडिय़ा रोड़ के सार्थक चौरडिय़ा और दक्ष शर्मा ने 70वीं एसजीएफआई राष्ट्रीय शालेय हैंडबॉल प्रतियोगिता-2026 में विद्या भारती का प्रतिनिधित्व करते हुए टीम को कांस्य पदक दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
विद्यालय के प्रचार-प्रसार प्रमुख हेमंत जोशी ने बताया कि दिनांक 27 से 31 अक्टूबर 2026 तक उमरिया (मध्यप्रदेश) में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में सरस्वती शिशु मंदिर, कश्मीरी गली के भैया सार्थक चौरडिय़ा एवं सरस्वती विद्या मंदिर, पहाडिय़ा रोड़ के भैया दक्ष शर्मा ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्या भारती की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक हासिल किया।
जावरा पहुंचने पर किया स्वागत –
दोनों खिलाडिय़ों की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर जावरा रेलवे स्टेशन पहुंचने पर उनका ढोल-ढमाके के साथ भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। खिलाडिय़ों को फूलमालाएं पहनाई गईं और मिठाई खिलाकर उनकी उपलब्धि की खुशियां साझा की गईं। इस अवसर पर विवेक भारती शिक्षण समिति के सचिव तन्मय सोनी, प्राचार्य रेणुबाला शर्मा, बीना मेहता, ललिता पंवार, दीपक पोरवाल, महेश पाटीदार, दिलीप सालित्रा, कुलदीप गेहलोत, अमर कोटवानी सहित खेल शिक्षक विजय बैरागी एवं अक्षय बैरागी उपस्थित रहे। सार्थक चौरडिय़ा के अभिभावक मनीष एवं अंकिता चौरडिय़ा ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की। सभी ने दोनों प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर सफलता के पथ पर आगे बढऩे की शुभकामनाएं दीं।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

