– कम बारिश से गहराई पेयजल संकट की चिंता, फिल्टर प्लांट और मलेनी नदी बैराज का किया निरीक्षण; सीएमओ को सौंपा पत्र
जावरा। कम बारिश के चलते जावरा में आगामी महीनों में पेयजल संकट गहराने की आशंका ने अभी से चिंता बढ़ा दी है। संभावित संकट को देखते हुए भाजपा पार्षद दल एवं एल्डरमैन ने फिल्टर प्लांट और मलेनी नदी बैराज का निरीक्षण कर जल उपलब्धता, शुद्धिकरण व्यवस्था और मशीनों के रखरखाव की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद पार्षद दल ने नगर पालिका प्रशासन को चेताते हुए जल संकट के मुद्दे पर शीघ्र विशेष सम्मेलन बुलाने की मांग की है। आशंका जताई गई कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो जनवरी-फरवरी से ही शहर की जलापूर्ति प्रभावित हो सकती है।
फिल्टर प्लांट में व्यवस्थाओं की पड़ताल, बंद मिक्सर मशीन का मुद्दा उठा –
निरीक्षण के दौरान भाजपा पार्षद दल ने फिल्टर प्लांट की सफाई व्यवस्था, मशीनों के रखरखाव, प्रतिदिन होने वाली पानी की टेस्टिंग रिपोर्ट और जल शुद्धिकरण से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान लंबे समय से बंद पड़ी मिक्सर मशीन और कुछ टैंकों की सफाई का विषय भी सामने आया। पार्षद दल ने संबंधित सुपरवाइजर से चर्चा कर व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार करने पर जोर दिया, ताकि नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की परेशानी न आए।
मलेनी नदी बैराज में जल की स्थिति देख जताई चिंता –
इसके बाद दोपहर 12.30 बजे भाजपा पार्षद दल ने मलेनी नदी बैराज का निरीक्षण किया। यहां उपलब्ध जल की स्थिति और वर्तमान व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। कम वर्षा के चलते आगामी महीनों में जलापूर्ति बनाए रखना नगर पालिका के लिए चुनौती बन सकता है। निरीक्षण के बाद पार्षद दल ने जनवरी-फरवरी से ही जलापूर्ति प्रभावित होने की आशंका जताते हुए कहा कि संभावित संकट से निपटने के लिए अभी से ठोस कार्ययोजना तैयार करना जरूरी है।
सीएमओ को सौंपा पत्र, विशेष सम्मेलन बुलाने की मांग –
निरीक्षण के पश्चात भाजपा पार्षद दल एवं एल्डरमैन नगर पालिका परिषद पहुंचे और मुख्य नगर पालिका अधिकारी चंद्रशेखर सोनिस को पत्र सौंपा। पत्र के माध्यम से जल संकट के विषय पर शीघ्र विशेष सम्मेलन आयोजित करने की मांग की गई। पार्षद दल का कहना है कि विशेष सम्मेलन में जल के समुचित उपयोग, अनावश्यक जल दोहन पर नियंत्रण, उपलब्ध जल के संरक्षण, वैकल्पिक जल स्रोतों की संभावनाओं और शहर में नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा कर ठोस निर्णय लिए जाने चाहिए।
समय रहते नहीं जागा प्रशासन तो बढ़ सकती है परेशानी –
भाजपा पार्षद दल ने कहा कि पेयजल संकट सीधे आम नागरिकों के जीवन से जुड़ा गंभीर विषय है। इसलिए नगर पालिका प्रशासन को संभावित समस्या का इंतजार करने के बजाय समय रहते आवश्यक तैयारियां शुरू करनी चाहिए। बेहतर जल प्रबंधन, जल संरक्षण और समयबद्ध कार्ययोजना के जरिए ही आने वाले महीनों में नागरिकों को पेयजल संबंधी परेशानियों से बचाया जा सकता है।
ये रहे उपस्थित –
निरीक्षण एवं पत्र सौंपने के दौरान भाजपा पार्षद दल से अनिल मोदी, रजत सोनी, जानी बाई धाकड़, सोनू चंद्रप्रकाश सोलंकी, तेज सिंह कदम एवं शिवेंद्र माथुर के साथ एल्डरमैन अजय सकलेचा, नंदकिशोर महावर, मनोहर पांचाल एवं संतोष शर्मा, पार्षद प्रतिनिधि सोनू यादव, चंद्रप्रकाश सोलंकी एवं दशरथ कसानिया, जलकर सुपरवाइजर फतेहलाल सहित मलेनी नदी और फिल्टर प्लांट की टीमें भी उपस्थित रहीं।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

