– ग्राम पिपलिया सिसोदिया के खेतों के कच्चे रास्ते पर पुलिस की दबिश, 60 किलो 750 ग्राम डोडाचूरा जब्त
– एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर तस्करी के नेटवर्क की जांच शुरू।
रतलाम/आलोट। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आलोट थाना पुलिस ने ग्राम पिपलिया सिसोदिया के खेतों के कच्चे रास्ते पर दबिश देकर 60 किलो 750 ग्राम डोडाचूरा जब्त किया। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 9 लाख 11 हजार 250 रुपये बताई गई है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है, ताकि डोडाचूरा कहां से लाया गया था और तस्करी के पीछे कौन लोग शामिल हैं, इसका पता लगाया जा सके।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस की कार्रवाई –
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा की तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर आलोट थाना पुलिस ने ग्राम पिपलिया सिसोदिया के खेतों के कच्चे रास्ते पर कार्रवाई की। इस दौरान चार महिलाओं को पकड़ा गया। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए उनके कब्जे से 60 किलो 750 ग्राम डोडाचूरा जब्त किया।
झाबुआ जिले की रहने वाली हैं चारों आरोपी –
पुलिस द्वारा गिरफ्तार महिलाओं की पहचान रेवा पति भुरा कलारा (35 वर्ष) निवासी ग्राम कालिया वीरन, थाना मेघनगर, जिला झाबुआ, ललिता पति दिनेश बारिया (38 वर्ष) निवासी ग्राम राखडिय़ा, थाना मेघनगर, जिला झाबुआ, रमिला पति परसु वसुनिया (40 वर्ष) निवासी सालामहुड़ा, थाना कल्याणपुरा, जिला झाबुआ तथा सन्नु पति बाबु निनामा (40 वर्ष) निवासी सैलानी मोहल्ला, मेघनगर, जिला झाबुआ के रुप में हुई। ये सभी महिलाए अपने सिर पर गठरी के रुप में रखकर ले जा रही थी।
9.11 लाख रुपये का डोडाचूरा जब्त –
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 60 किलो 750 ग्राम डोडाचूरा बरामद किया। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 9,11,250 रुपये आंकी गई है। मामले में थाना आलोट पर अएनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है।
तस्करी के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी पुलिस –
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच के दौरान मादक पदार्थ के स्रोत, उसे ले जाने के उद्देश्य और तस्करी से जुड़े अन्य संभावित लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई –
यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विवेक कुमार लाल और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में निरीक्षक योगेश पाटीदार, उपनिरीक्षक आर.सी. खडिय़ा, प्रधान आरक्षक अमित भावसार, महिला आरक्षक अनिता तथा आरक्षक अभिनंदन, सुनील चुनारा, थॉमस भाभर, रौनक पोरवाल और मुकेश की भूमिका रही।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

