– महिला सशक्तिकरण, भारतीय संस्कृति और नई पीढ़ी पर हुआ मंथन
– विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
जावरा। भारत विकास परिषद की प्रांतीय महिला संगोष्ठी “समर्था” का भव्य आयोजन जावरा शाखा द्वारा अष्टापद जैन श्वेतांबर तीर्थ पर किया गया। संगोष्ठी में प्रांत की लगभग 20 शाखाओं से करीब 200 मातृशक्तियों ने सहभागिता की। आयोजन में महिला सशक्तिकरण, भारतीय जीवन पद्धति, संयुक्त परिवार, संस्कार और नई पीढ़ी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श हुआ।
भारतीय संस्कृति और संयुक्त परिवार हमारी ताकत –
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश शासन, भोपाल के मानवाधिकार आयोग से अवधेश प्रताप सिंह शामिल हुए। उन्होंने अपने उद्बोधन में संयुक्त परिवार की परंपरा को बनाए रखने तथा भारतीय संस्कृति और संस्कारों को अपनाते हुए जीवन को सही दिशा देने की बात कही। विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रसंत मिथिलेश नागर, संदीपा मल्होत्रा (ग्वालियर) एवं सोनाली जैन उपस्थित रहीं। सोनाली जैन ने भारतीय जीवन प्रणाली और अन्य देशों की जीवनशैली की तुलना करते हुए कहा कि भारत की जीवन पद्धति सुदृढ़ और सुव्यवस्थित रही है। आवश्यकता है कि हम अपनी इस परंपरा को समय के साथ और अधिक प्रगतिशील बनाएं।
गणेश वंदना और सरस्वती पूजन से हुआ शुभारंभ –
संस्था के सचिव गोपाल सेठिया एवं कोषाध्यक्ष निलेश जोशी ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना तथा अतिथियों द्वारा सरस्वती पूजन के साथ हुआ। इस अवसर पर प्रांतीय अध्यक्ष घनश्याम पोरवाल, प्रांतीय महासचिव विनोद काला, प्रांतीय कोषाध्यक्ष चिराग शाह, शाखा पालक मनोज मेहता एवं प्रांतीय महिला प्रमुख पूजा चित्तोड़ा सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। भारत विकास परिषद जावरा शाखा अध्यक्ष शेखर नाहर ने स्वागत भाषण दिया। मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथियों का संस्था अध्यक्ष शेखर नाहर, सचिव गोपाल सेठिया, कोषाध्यक्ष निलेश जोशी एवं सदस्यों द्वारा स्वागत-सम्मान किया गया। अतिथियों को भारत विकास परिषद के प्रतीक चिन्ह प्रदान किए गए।
महिला सशक्तिकरण और ‘जेन जी’ पर हुआ संवाद –
ग्वालियर से पधारीं नेशनल प्रोजेक्ट मेंबर संदीपा मल्होत्रा ने महिला सशक्तिकरण तथा नई पीढ़ी यानी जेन जी को लेकर अपने विचार रखे। उन्होंने बदलते सामाजिक परिवेश में महिलाओं की भूमिका और नई पीढ़ी के साथ संवाद एवं संस्कारों के महत्व पर प्रकाश डाला। अन्य अतिथियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए महिलाओं की सामाजिक भूमिका, भारतीय संस्कृति और परिवार व्यवस्था को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान, बंगाल और पंजाब की संस्कृति मंच पर दिखी –
संगोष्ठी में प्रांत की विभिन्न शाखाओं से आई मातृशक्तियों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान, बंगाल एवं पंजाब सहित विभिन्न राज्यों की वेशभूषा, लोकनृत्य, धार्मिक स्थलों एवं विशिष्ट सांस्कृतिक शैलियों को प्रस्तुतियों के माध्यम से मंच पर जीवंत किया गया। जावरा शाखा की ओर से “रक्तदान महादान” विषय पर विशेष प्रस्तुति दी गई, जिसे प्रांत के पदाधिकारियों ने खूब सराहा।
संगोष्ठी के साथ रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर और पौधरोपण –
महिला संगोष्ठी के साथ अष्टापद जैन श्वेतांबर तीर्थ परिसर में वृक्षारोपण, रक्तदान शिविर एवं स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया। इस दौरान अष्टापद जैन श्वेतांबर तीर्थ के पदाधिकारियों द्वारा अतिथियों का शॉल, श्रीफल एवं मालाओं से सम्मान किया गया।
गणमान्य नागरिक और परिषद के सदस्य रहे मौजूद –
कार्यक्रम में जावरा नगर एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक बाबूलाल नाहर, डॉ. दिलीप शाकल्य, देवेंद्र शर्मा, सुरेंद्र सुराणा, अनिल पामेचा, प्रदीप मूणत एवं राकेश जैन सहित भारत विकास परिषद जावरा शाखा के सदस्य डॉ. राजेंद्र त्रिवेदी, ईश्वरप्रसाद त्रिवेदी, डॉ. प्रकाश उपाध्याय, प्रदीप शर्मा, अंजनिनंदन उपाध्याय, अनूप शर्मा, संजय कनोजिया, मनीष त्रिवेदी, गिरिराज उपाध्याय, नितेश धनोतिया, दीपक गर्ग, दिनेश सुराणा, दीपक साधु, अर्पित शिकारी, निलेश सुराणा, राजेंद्र उपाध्याय, मुकेश धाकड़, दिनेश भावसार, संतोष मेडतवाल सहित अनेक सदस्य मौजूद रहे। महिला मातृशक्ति में महिला प्रमुख रितु सिसोदिया एवं कार्यक्रम संयोजिका शीतल मेहता के साथ विद्या तिवारी, उषा सेठिया, मोनिका जोशी, प्रीति त्रिवेदी, निर्मला साधु, गायत्री अरोड़ा, श्वेता अरोड़ा, दिव्या राठौर, वर्षा शिकारी, शोभा सोनी, ज्योति जोशी, साधना सांखला, कोमल त्रिवेदी, रीना शर्मा, सरोज भारती, हेमलता चौहान, रानू स्वर्णकार, सोनाली शिवहरे, एकता अरोड़ा, मीना सुराणा, सरिता कनोजिया, पुष्पा गुप्ता एवं चित्रा अरोड़ा सहित अनेक मातृशक्तियां उपस्थित रहीं।
अतिथियों और शाखाओं की मातृशक्तियों का किया सम्मान –
कार्यक्रम के अंत में संस्था अध्यक्ष शेखर नाहर, सचिव गोपाल सेठिया, कोषाध्यक्ष निलेश जोशी एवं महिला प्रमुख रितु सिसोदिया ने विभिन्न शाखाओं से आई मातृशक्तियों को उपहार प्रदान किए। उन्होंने कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों, सदस्यों एवं गणमान्य नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन संस्था सदस्य विद्या तिवारी एवं प्रियंका सुराणा ने किया। समापन अवसर पर आभार प्रदर्शन महिला प्रमुख रितु सिसोदिया ने किया। जावरा शाखा द्वारा आयोजित इस प्रांतीय महिला संगोष्ठी को परिषद के पदाधिकारियों एवं प्रतिभागियों ने सफल एवं यादगार आयोजन बताया।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

