– जनता कॉलोनी में घर का दरवाजा तोड़कर हुई थी चोरी, सीसीटीवी और तकनीकी संसाधनों की मदद से पुलिस ने आरोपियों तक पहुंच बनाई
जावरा। थाना जावरा शहर पुलिस ने नकबजनी के एक मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए करीब 2 लाख 25 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और 12 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। घटना में प्रयुक्त एक इलेक्ट्रिक ऑटो भी पुलिस ने जब्त किया है।
छत के दरवाजे का नकुचा तोड़कर घर में घुसे थे बदमाश –
पुलिस के अनुसार, 1 अगस्त 2026 को फरियादी शेख मोहम्मद पिता खुदा बक्श (56), निवासी जनता कॉलोनी जावरा ने थाना जावरा शहर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया कि 30 और 31 जुलाई 2026 की दरमियानी रात अज्ञात बदमाश छत के ऊपर लगे दरवाजे का नकुचा तोड़कर घर में घुसे और सोने-चांदी के आभूषण तथा करीब 50 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना जावरा शहर में धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी और तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस –
घटना की गंभीरता को देखते हुए रतलाम पुलिस अधीक्षक अमित कुमार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल ने नगर पुलिस अधीक्षक जावरा युवराज सिंह चौहान तथा थाना प्रभारी जावरा शहर निरीक्षक दीपक कुमार मंडलोई को आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी का माल बरामद करने के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने जावरा शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और तकनीकी संसाधनों की मदद से संदिग्धों की पहचान की। जांच के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
तीन आरोपी गिरफ्तार –
मामले में पुलिस ने अब्बास अली पिता एहमद अली, जाति हम्माल (33) वर्ष, निवासी महापुरा, सात इमली के पास, जावरा शरीफ उर्फ शब्बु पिता वकील मेव (28), निवासी पठान टोली, जावरा अलीशान पिता मोहम्मद युसुफ, जाति पठान (27) निवासी हाथीखाना, जावरा, जिला रतलाम को गिरफ्तार किया हैं। पुलिस ने आरोपी शरीफ उर्फ शब्बु से 10-10 रुपये के 100 नोट यानी 1,000 नकद, आरोपी अब्बास अली से घटना में प्रयुक्त इलेक्ट्रिक ऑटो और 1,000 नकद, जबकि आरोपी अलीशान से करीब 2.25 लाख कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और 10,000 नकद बरामद किए गए। इस प्रकार पुलिस ने सोने-चांदी के आभूषण चैन, अंगूठी, पेंडल और पायल सहित करीब 2.25 लाख के साथ नकदी 12,000 रुपए तथा घटना में प्रयुक्त इलेक्ट्रिक ऑटो जप्त किया।
पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका –
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक दीपक कुमार मंडलोई, उनि राकेश मेहरा, सउनि सगीर खान, प्रआर जाकिर खान, प्रआर मृदंग सातपुते, प्रआर जगदीशचंद्र, आरक्षक राजेश पंवार, नारायणसिंह, चेनराम पाटीदार, चंद्रशेखर खटवड़, संदीप, सुगड़, रंजीत, महिपाल सिंह, मोहित सहित सायबर सेल रतलाम की टीम की सराहनीय भूमिका रही।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

